'आप की सरकार पंजाब में कोई समझौता नहीं करेगी...', अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर क्या बोले दिल्ली के AAP नेता?
Amritpal Singh arrest: खालिस्तान समर्थक और 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह को 23 अप्रैल की सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर पंजाब की मोगा पुलिस ने गिरफ्तार किया। अमृतपाल जरनैल सिंह भिंडरावाले के गांव से गिरफ्तार हुआ।

Amritpal Singh arrest: 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, ''पंजाब की 'आप' सरकार किसी भी हालत में पंजाब की शांति भंग नहीं होने देगी। लोगों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। हमने दिखा दिया कि जरूरत पड़ने पर लोगों के लिए हम सख्त से सख्त कदम लेने की भी हिम्मत रखते हैं। सब लोग शांति बनाये रखें।''
दिल्ली की शिक्षा मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, ''अमृतपाल की गिरफ्तारी पंजाब पुलिस, मान सरकार की महीने भर की कोशिश का नतीजा है। मैं पंजाब पुलिस और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को बधाई देना चाहती हूं। यह पंजाब पुलिस और मान सरकार के पिछले 1 महीने के अथक प्रयासों का नतीजा है, पंजाब पुलिस अमृतपाल और उनके समर्थकों के पीछे पड़ी थी, और छापे मार रही थी।"
आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, ''पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह को हर तरफ से घेर लिया था, उसे गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने बहुत ही समझदारी के साथ पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया है। पंजाब पुलिस और वहां की जनता बधाई के पात्र हैं।''
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, '' मुझे खुशी है कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पंजाब पुलिस को शुभकामनाएं। पंजाब में पुरानी परेशानियां लंबे समय से हैं। पंजाब संवेदनशील राज्य है, ऐसे राज्य में गड़बड़ी का अंदेशा होता है तो सरकार संजीदा होकर उसे संभालती है।''
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, ''पंजाब में कोई नहीं चाहता कि पंजाब की स्थिति खराब हो। वहां कोई नहीं चाहता कि पंजाब का पुराना समय वापस आए इसलिए सब लोगों ने अपनी जाति, धर्म से ऊपर उठकर पंजाब सरकार का साथ दिया। हम उन सब लोगों को बहुत धन्यवाद देते हैं।''












Click it and Unblock the Notifications