गुजरात में आप के विस्तार के लिए अरविंद केजरीवाल ने संभाली कमान, चुनाव में उतरने की तैयारी तेज
Aam Aadmi Party in Gujarat election, दिल्ली। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उतरने के ऐलान के बाद दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी अब अन्य राज्यों में भी अपना राजनीतिक दमखम दिखाने की तैयारी कर रही है। आप ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बाद गुजरात में अपने संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर गुजरात में भी निकाय और विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी मैदान में उतरेगी और कैंडिडेट खड़े करेगी। इसके लिए पार्टी ने गुजरात में काम करना शुरू कर दिया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात में आप की तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं। आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की जनता भाजपा के शासन से त्रस्त है। वहां कांग्रेस खत्म ही है। दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी ने जो काम किए हैं उससे गुजरात की जनता बहुत प्रभावित हुई है और वह पार्टी से उम्मीदें लगा रही है। गुजरात के पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने भी गुजरात में तैयारियों को लेकर कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में आप मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने यह भी कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव पार्टी दोगुनी ताकत लगा देगी। आप ने विधायक आतिशी को गुजरात में पार्टी का चुनावी बिगुल फूंकने की बड़ी जिम्मेदारी दी है। आतिशी ने आप के गुजरात में विस्तार को सकारात्मक राजनीति की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि आप अगर सत्ता में आई तो गुजरात के गरीब परिवार के बच्चों को भी ऐसी शिक्षा मिलेगी कि वे देश के अच्छे से अच्छे कॉलेज में एडमिशन ले पाएंगे और वही असली गुजरात मॉडल होगा।
विधायक आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने गुजरात मॉडल का नया रूप पेश करने की जिम्मेदारी ली है। गुजरात में महिलाओं और बुजुर्गों को अच्छी और फ्री सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, वह असली गुजरात मॉडल होगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी की जीत इस दिशा में पहला कदम होगा।












Click it and Unblock the Notifications