कौन है दस्यु सम्राट ददुआ का राइट हैंड? कभी छोटा सरदार के नाम से कांपते थे बीहड़ के लोग
Dacoit Radhe Patel: बुंदेलखंड में कुख्यात डाकू ददुआ का राइट हैंड रहे डाकू राधे उर्फ सूबेदार सिंह को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। उसे रैपुरा थाने में बैठाया गया है। 33 वर्ष पुराने एक हत्या के मामले में गिरफ्तारी वारंट होने पर पुलिस ने उसे पकड़ा है।
पुलिस ने राधे पटेल को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। राधे पटेल की गिरफ्तारी 1990 में हुए एक दोहरे हत्याकांड के मामले में कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद किया गया है। इससे पहले राधे पटेल करीब 16 वर्ष पहले गिरफ्तार हुआ था और अलग अलग जेलों में सजा काटते हुए पिछले साल ही चित्रकूट की जेल से छूटा था।

1 साल तक खुली हवा में सांस लेने के बाद इस खूंखार डकैत को एक बार फिर से पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। उसकी गिरफ्तारी से राजनीतिक गलियारे में भी हलचल मचा दी है। बता दें कि लगभग 3 दशक तक उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस के लिए डकैत ददुआ का गिरोह सरदर्द बन गया था। इस गिरोह में नंबर 2 की हैसियत रखने वाले डकैत छोटा सरदार यानी राधे पटेल का आतंक भी उन दिनों पूरे बीहड़ में लोगों के सर चढ़कर बोलता था।
हालांकि साल 2007 में जब उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने ददुआ के खिलाफ अभियान चलाया तो राधे फरार होने में सफल हो गया था। वहीं ददुआ पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। इस एनकाउंटर के कुछ दिनों बाद तक राधे शांत रहा। लेकिन उसने फिर से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती बीहड़ में अपनी बादशाहत कायम करने की कोशिश की। ऐसे में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बार फिर से इसकी धरपकड़ का अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान मध्य प्रदेश पुलिस ने बेहद नाटकीय तरीके से करीब 16 साल पहले इसे गिरफ्तार कर लिया।
तब से यह खूंखार बदमाश करीब 15 साल तक उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अलग अलग जेलों में सजा काटत रहा वहीं पिछले वर्ष 9 जनवरी को इसे चित्रकूट जिला कारागार से छोड़ गया था। पुलिस के अनुसार इस बार जेल से रिहा होने के बाद इस बदमाश ने किसी वारदात को तो अंजाम नहीं दिया, लेकिन साल 1990 में हुए डबल मर्डर के मामले में कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद इसे दोबारा से गिरफ्तार किया है।
शनिवार की रात इसे रैपुरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया और रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से इसे जेल भेजा गया है। चित्रकूट पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह के मुताबिक साल 2007 में दस्यु ददुआ को एसटीएफ ने मार गिराया था। लेकिन उस समय 100 से अधिक मुकदमों में वांछित राधे पटेल भागने में सफल रहा था। अब उसे हत्या के एक मामले में फिर से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications