छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की अब खैर नहीं, सीएम विष्णुदेव साय ने जताया विश्वास
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा कि विधानसभा चुनाव 2018 के समय कांग्रेस पार्टी ने लोकलुभावन जन घोषणा पत्र जारी किया था। जिसमें 36 वादे थे, उनको पूरा समय मिला सरकार चलाने का लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं कर पाए। साथ ही 5 सालों में कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ को अपराध और भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था।
उन्होंने कहा कि कोयला, बालू, शराब, डीएमएफ राशि में घोटाला जैसे बहुत से घोटाले कर जनता के विश्वास से उतर चुकी थी। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर एकजुट होकर काम किया जिसके कारण हमें अच्छी सफलता मिली।

छत्तीसगढ़ की पूरी सीटें जीतने के सवाल पर साय ने कहा कि पहले 2 बार के चुनाव में 11 में से 10-10 सीटें हम लोग जीत चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर आ गए थे। लेकिन वहीं 5- 6 महीने बाद जब लोकसभा चुनाव हुए तो 11 में से 9 सीट एवं विधानसभा की दृष्टि से 65 सीटें बीजेपी ने जीती थी। इस बार तो आदरणीय प्रधानमंत्री जी के 10 सालों के कार्यों का मूल्यांकन जनता के पास है और पिछले तीन महीने में हमारी छत्तीसगढ़ की सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े काम किए हैं।
उन्होंने कहा कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी है, 12 लाख से ज्यादा किसानों को 2 साल से ज्यादा का बकाया बोनस 3716 करोड़ रुपया दिए हैं, 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी एवं प्रति क्विंटल 3100 रूपये धान की कीमत मिली है और 24 लाख 72 हजार से ज्यादा किसानों को 13320 करोड़ रुपए अंतर की राशि दी गई है। हमारी जो विवाहित माताएं-बहनें हैं उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत 2 महीने का जो उनका 1000 रुपया का किस्त है, वो देने का काम किए हैं। हर महीने के पहले सप्ताह में उनको किश्त दे देंगे। रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है।
बस्तर-सरगुजा जैसे आदिवासी बाहुल्य संभाग में तेंदूपत्ता जहां आय का एक बड़ा स्रोत है। उसे 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपए प्रति मानक बोरा खरीदने का सरकार आदेश कर चुकी है और ये सभी काम मोदी के गारंटी के अंतर्गत हो रहे हैं। जिनका असर जनता पर हो रहा है। इस कारण मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि इस बार छत्तीसगढ में पूरी 11 में से 11 सीट भारतीय जनता पार्टी जीतेगी और रिकॉर्ड टूटेगा।
नक्सलियों के खिलाफ मिली बड़ी सफलता के बात पर सीएम साय ने कहा कि इसका श्रेय तो डबल इंजन सरकार को जाता है। जिसके तहत हम मजबूती से लड़ पाए हैं और केंद्र से बहुत सहयोग भी मिला है। प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री ने नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया है। प्रदेशवासियों ने देखा है कि पिछले 3 महीने में लगातार नक्सली मारे जा रहे हैं, आत्मसमर्पण भी कर रहे हैं और ये बड़ी सफलता हमारे सैनिकों को मिल रही हैं।
एक सवाल के जवाब में विष्णुदेव साय ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा के प्रति और मोदी जी के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। पहले कांग्रेस वर्सेज ऑल होते थे आज बीजेपी वर्सेज ऑल है। ये हम लोगों का अचीवमेंट है। सही मायने में भाजपा में लोकतंत्र है, कार्यकर्ताओं का सम्मान है। प्रत्येक 3 साल में पदाधिकारी बदल जाते हैं। एक हमारे जैसे छोटे से गांव का व्यक्ति, किसान का बेटा मुख्यमंत्री बन सकता है, चाय बेचने वाले का बेटा देश का प्रधानमंत्री बन सकता हैं। ये सब कुछ भारतीय जनता पार्टी में ही संभव हैं।
उन्होंने कहा कि बाकी सभी पार्टियों के लोग बीजेपी से डरे हुए हैं। इन सभी ने भ्रष्टाचार किया है और इनको लगता है बीजेपी फिर सरकार में आई तो इन सब लोगों की जगह जेल होगी। यहीं कारण है कि इनके न इनके विचारों में तालमेल है न ही इनका ग्राउंड लेवल पर कोई कनेक्शन है। इसके बावजूद भी ये सब एक होके सिर्फ और सिर्फ भाजपा और मोदी जी को नीचे दिखाना चाहते हैं। लेकिन इस मंसूबे में वो कभी कामयाब नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें Chhattisgarh: प्रेमनगर में बोले सीएम विष्णुदेव साय, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करना है












Click it and Unblock the Notifications