Naxal Encounter: 'हम तेजी से बढ़ रहे हैं, 2 साल में ख़त्म करेंगे नक्सलवाद ', बस्तर IG ने दिखाया आत्मविश्वास
CG Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सशस्त्र माओवादियों के खिलाफ सबसे बड़े अभियान को अंजाम दिया। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ और डीआरजीके जवानों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है। यह आंकड़ा बदल भी सकता है,क्योंकि पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस महकमा और अन्य फ़ोर्स काफी उत्साहित हैं। आज सुबह दंतेवाड़ा मुठभेड़ पर समाचार एजेंसी एएनआई से बस्तर संभाग के आईजी पी सुंदरराज ने कहा, "हमें माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी,जिसके बाद दंतेवाड़ा DRG, नारायणपुर STF बल को अभियान के लिए रवाना किया गया था। कल मुठभेड़ हुई थी जिसके बाद अब तक कुल 31 माओवादियों के शव बरामद हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इनसे SLR, AK 47 जैसे कई ग्रेडेड हथियार भी मिले। तलाशी अब भी जारी है। आने वाले 1-2 साल में हम क्षेत्र में नक्सलवाद को खत्म करने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुठभेड़ में हमारे एक जवान को चोट आई है, वे खतरे से बाहर हैं, उनकी हालत स्थिर है।
बहरहाल, माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद से किसी एक ऑपरेशन में मारे गए नक्सलियों की यह सबसे अधिक संख्या है। इससे पहले कांकेर में 16 अप्रैल को सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को ढेर किया गया था। पुलिस के अनुसार, इस मुठभेड़ के बाद इस साल अब तक दंतेवाड़ा और नारायणपुर समेत 7 जिलों वाले बस्तर संभाग में अलग-अलग मुठभेड़ों में फोर्स ने 185 माओवादियों को ढेर किया है।












Click it and Unblock the Notifications