Naxal Encounter: 31 नक्सलियों के शव बरामद,सर्चिंग जारी, गृहमंत्री विजय शर्मा, पूर्व CM रमन सिंह क्या बोले
Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ में माओवादियों के खिलाफ अब तक सबसे बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को अबूझमाड़ में सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ के दौरान 31 नक्सलियों को मार गिराया है। पूरे इलाके में सर्चिंग जारी है,लिहाजा आंकड़ा बदल भी सकता है। बहरहाल भाजपा सरकार इसे अपनी सबसे बड़ी जीत मानकर चल रही है। शनिवार सुबह राज्य के उपमुख्यमंत्री होने के साथ ही गृहमंत्री पद की कमान संभाल रहे विजय शर्मा ने मुठभेड़ के संबंध में ताजा जानकारी साझा की है।
रायपुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा मुठभेड़ पर कहा कि यह बहुत बड़ा ऑपरेशन हुआ है जिसमें अब तक 31 शव बरामद हो चुके हैं, यह छत्तीसगढ़ का अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है।

वहीं 15 साल तक मुख्यमंत्री रह चुके छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि यह एक बड़ी सफलता है, मैं इस महान ऑपरेशन के लिए मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पूरी टीम को बधाई देता हूं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सोच और दूरदर्शिता ने इसमें बहुत अच्छा काम किया है।" डबल इंजन सरकार और वे बधाई के पात्र हैं। पहली बार इतने बड़े ऑपरेशन के लिए सभी को बधाई।"
इधर, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे नारायणपुर-दंतेवाड़ा अंतर-जिला सीमा पर अबुझमाड़ में थुलथुली और नेंदुर गांवों के बीच जंगल में मुठभेड़ शुरू हुई थी, दंतेवाड़ा और नारायणपुर के डीआरजी और एसटीएफ के जवान इस नक्सल विरोधी अभियान में शामिल थे।
आज सुबह तीन और नक्सलियों के शव बरामद किए गए. इसके साथ ही मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 31 हो चुकी है। माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी कंपनी नंबर 6, प्लाटून 16 और माओवादियों के पूर्वी बस्तर डिवीजन के थे। इलाके में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।
यह भी पढ़ें












Click it and Unblock the Notifications