मुकेश चंद्राकर मर्डर केस की जांच करेगी SIT, आरोपी ठेकेदार के ठिकानों पर चला बुलडोजर, बैंक अकाउंट सील
Mukesh Chandrakar Murder Case: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में टीवी पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या मामले में प्रशासन ने आरोपी सुरेश चंद्राकार के ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन अवैध निर्माणों पर जेसीबी द्वारा कार्रवाई कर रहा है। इसके अलावा, मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में एसआईटी गठित की गई है। जांच के लिए सुरेश चंद्राकर के तीन बैंक खातों को भी कब्जे में लिया गया है।
SIT की घोषणा, आरोपियों के बैंक अकाउंट को सील
रायपुर: पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड मामले में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी कि इस मामले की जांच के लिए SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और तीन से चार हफ्तों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, "मुकेश चंद्राकर के साथ जो हुआ है, वह बेहद भयानक और दर्दनाक है। यह बहुत गलत हुआ है। मैं अक्सर बस्तर जंक्शन को देखता था, जब मैं सुबह शेविंग करता था। मुकेश अंदर जाकर खबरें लाते थे और हम दोनों के बीच नक्सलवाद और मुख्य धारा से जुड़ने को लेकर कई बार चर्चा होती थी।"
विजय शर्मा ने बताया कि कांग्रेस नेता सुरेश चंद्राकर के रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में सुरेश चंद्राकर मुख्य आरोपी है। अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। SIT की घोषणा हो चुकी है और आरोपियों के बैंक अकाउंट को सील कर दिया गया है। तीन खातों को होल्ड भी किया गया है। उन्होंने कहा कि तीन से चार सप्ताह में इस मामले की पूरी कार्रवाई पूरी हो जाएगी।
मुकेश के परिवार ही होगी मदद
उपमुख्यमंत्री ने मृतक पत्रकार मुकेश चंद्राकर के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से इस संबंध में चर्चा हो चुकी है। मुकेश चंद्राकर के परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि सुरेश चंद्राकर कांग्रेस का पदाधिकारी है और उसे कांग्रेस ने जिले का प्रभारी बनाया है। कांग्रेस के नेता लगातार इस मामले में संलिप्त नजर आ रहे हैं। विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस यह साबित करना चाहती है कि विष्णुदेव साय की सरकार में अपराध बढ़ रहे हैं।
क्या हुआ था?
मुकेश चंद्राकर का शव 3 जनवरी को ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की प्रॉपर्टी पर स्थित सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ था। वह 1 जनवरी से लापता थे। पुलिस ने सुरेश चंद्राकर के घर पर छापा मारा, जहां से एक सेप्टिक टैंक से शव बरामद हुआ। शव की हालत काफी खराब थी, लेकिन कपड़ों से उसकी पहचान पत्रकार मुकेश चंद्राकर के रूप में हुई।
1 जनवरी को सुरेश चंद्राकर के भाई रितेश ने मुकेश को बुलाया था, जिसके बाद मुकेश का फोन स्विच ऑफ हो गया था। पुलिस का दावा है कि शव को टैंक में डालकर उस पर प्लास्टर किया गया था, जिससे पुलिस को शक हुआ और जांच शुरू की गई।
कांग्रेस से थे हत्यारे के संबंध? प्रियंका गांधी ने भी जताया दुख
पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है और अपराधी बेखौफ हैं। मुकेश चंद्राकर की हत्या में ठेकेदार सुरेश चंद्राकर का नाम सामने आ रहा है। भाजपा का दावा है कि सुरेश चंद्राकर कांग्रेस के एक पदाधिकारी हैं। वह प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से घनिष्ठता है।
इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सफाई दी है और कहा कि सुरेश चंद्राकर एक सामाजिक कार्यकर्ता थे, जो पहली बार अपनी शादी का कार्ड लेकर उनके पास आए थे। भाजपा इसी से जुड़ी तस्वीर वायरल कर रही है।
दीपक बैज ने इस मामले में बीजेपी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार को अपराधों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए और इस तरह के अपराधों को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपों का सामना करने की बजाय सरकार को राज्य में बढ़ते अपराधों के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए।
वायनाड से सांसद और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या की निंदा करते हुए राज्य सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने ट्वीट किया, "मुकेश जी ने भ्रष्टाचार का खुलासा किया था, जिसके बाद उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मेरी सरकार से मांग है कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और परिजनों को उचित मुआवजा मिले।"
मुकेश ने किया भ्रष्टाचार का खुलासा
मुकेश चंद्राकर ने सुरेश चंद्राकर के भ्रष्टाचार का खुलासा किया था, खासकर बस्तर में 120 करोड़ की सड़क निर्माण परियोजना के संदर्भ में। उनकी रिपोर्ट के बाद ही सरकार ने ठेकेदार के खिलाफ जांच का आदेश दिया था।
यह भी पढ़ें बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या, सेप्टिक टैंक में मिली लाश, 3 दिन पहले हुए थे लापता












Click it and Unblock the Notifications