छत्तीसगढ़ः पूर्व उपमुख्यमंत्री के बेटे-बहू और पोती की हत्या, पुलिस कर रही है मामले की जांच
कोरबा, 21 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के भैसमा में बुधवार की सुबह 4 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अविभाजित मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय प्यारेलाल कंवर के बेटे हरीश कंवर, हरीश की पत्नी सुमित्रा कंवर और उनकी चार वर्षीय बेटी आशी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया है इसका अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं एसपी ने कहा है कि पुलिस को हत्या की घटना को लेकर अहम सुराग मिला है, आज ही खुलासा हो जाएगा।

हत्या की घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम डॉग स्कवाड के साथ मौके पर पहुंची। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोरबा में कंवर परिवार अब भी राजनीति में सक्रिय है। पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि जब हमालवर ने तीनों की हत्या की तो उस वक्त हरीश की बुजुर्ग मां वहीं मौजूद थीं। उन्होंने अपनी आंखों से सबकुछ देखा। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
पुलिस ने कंवर परिवार के मकान के चारों तरफ घेराबंदी कर दी है। किसी को भी घर के अंदर जाने की इजाजत नहीं है। जांच के दौरान पता चला कि सुबह चार बजे के आसपास हरीश के भाई खेत चले गए थे। इसके कुछ देर बाद मकान में तीन लोग घुस आए। उस वक्त हरीश, उनकी पत्नी और बेटी सो रही थीं। हमलावरों ने चाकू और हंसिये जैसे हथियारों से तीनों पर हमला कर दिया। हरीश के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर कटने के निशान हैं।
सुबह के वक्त घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों को किसी ने नहीं देखा। हरीश की मां जीवन बाई को बदमाशों ने किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया। जांच टीम अपने मुखबिरों का नेटवर्क एक्टिव कर हत्यारों का सुराग जुटाने के काम में लगी है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि हरीश कंवर के बड़े भाई हरभजन रोज की तरह सुबह मार्निंग वॉक पर निकले थे। जाने से पहले उन्होंने दरवाजे को अटका दिया था।
इसके बाद ही हमलावर बिना शोर मचाए और तोड़फोड़ किए आसानी से दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हो गए। प्यारेलाल कंवर को जातिगत समीकरणों के आधार पर सन 1997-1998 में मध्यप्रदेश का उपमुख्यमंत्री बना दिया गया था। इस समय दिग्विजय सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। बाद में प्यारेलाल कंवर को जबलपुर के मढ़ाताल भूमि घोटाले में पद से हटा दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications