CG: दामाखेड़ा आश्रम पर हमले की घटना से भड़के कबीरपंथी, दी आंदोलन की चेतावनी
Kabirpanth Community Angry: बलौदाबाजार जिले के कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में दीपावली की रात उपद्रवियों द्वारा हमले के बाद कबीरपंथी समाज आक्रोशित है। कबीरपंथी समाज के नेता हनुमत प्रसाद साहू ने आचार्य हुजूर प्रकाश मुनि नाम साहेब कबीर आश्रम पर किए गए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस हमले में नवोदित वंशाचार्य उदित मुनि नाम साहेब को धमकी दी गई और आश्रम में बम फेंके गए है ,जो दुर्भाग्यपूर्ण है। वही खरसिया एवं कांशी गद्दी के आचार्य हुजूर अर्धनाम साहेब ने इसे निंदनीय कहा है।
एकजुट होकर विरोध करने का आग्रह
आचार्य अर्धनाम साहेब ने सभी कबीरपंथियों एवं गद्दी के आचार्य और साधु-संतों से एकजुट होकर इस घटना का विरोध करने का आह्वान किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो सभी कबीरपंथी आंदोलन करेंगे। उन्होंने दामाखेड़ा आश्रम के प्रमुखों से घटना की जानकारी भी ली।

देशभर के कबीरपंथियों से की अपील
खरसिया कबीर गद्दी के प्रमुख ट्रस्टी हनुमत प्रसाद साहू ने बताया कि आचार्य अर्धनाम साहेब ने अपने संदेश में कहा है कि कबीरपंथ एक सहज, सरल और सत्य-अहिंसा का पंथ है, जो कबीर साहेब के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि देशभर के कबीरपंथी इस घटना का एकजुट होकर विरोध करेंगे और मांग की है कि इस प्रकार की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
आचार्य साहेब ने भविष्य में अन्य आश्रमों पर भी इसी तरह की घटनाओं की आशंका व्यक्त की है और कहा कि कबीरपंथी ऐसे शरारती तत्वों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने सभी कबीरपंथियों से अपील की है कि इस विकट समय में वे एकजुट होकर शासन-प्रशासन एवं उपद्रवियों के खिलाफ आवाज उठाएं।
कांग्रेस नेताओं ने किया दौरा, आज प्रदर्शन
शुक्रवार रात को कबीर आश्रम पर हुए हमले के बादछत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पार्टी के कई प्रमुख नेता दामाखेड़ा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कबीर पंथ के प्रमुख प्रकाशमुनि साहेब से मुलाकात की और घटना पर चर्चा की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दामाखेड़ा के कबीर आश्रम पर दर्जनों हथियारबंद लोगों द्वारा किया गया हमला और वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहेब पर हत्या की नीयत से हमला अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में हमारे संत और धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं। इस अवसर पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष धनेन्द्र साहू और पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे समेत अन्य नेता भी मौजूद थे। कांग्रेस पार्टी ने आज 3 नवंबर को पूर्व निर्धारित जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन में कबीर आश्रम दामाखेड़ा पर हुए हमले की निंदा करने का फैसला किया है।
घटना में 16 आरोपियों की गिरफ्तारी
बलौदाबाजार भाटापारा पुलिस ने जानकारी दी है कि ग्राम दामाखेड़ा में दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर हुई घटना में कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना सिमगा में इस प्रकरण का अपराध क्रमांक 438/2024 पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर ग्राम दामाखेड़ा में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु बल तैनात किया गया है, और क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है।
यह भी पढ़ें दीपावली पर कबीर पंथ आश्रम में बवाल, 11 आरोपी गिरफ्तार, गृहमंत्री विजय शर्मा ने लिया जायजा












Click it and Unblock the Notifications