छत्तीसगढ़ में गर्मी ने किया लोगो को हलकान, पारा पहुंचा 46 डिग्री
छत्तीसगढ़ में पारा पहुंचा 46 डिग्री
रायपुर, 28 अप्रैल। गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ में थर्मामीटर का पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। मिली जानकारी के मुताबिक अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस के साथ मुंगेली में दर्ज किया गया, तो वहीं बिलासपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस और राजधानी रायपुर में 44.1 डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज किया गया ,जो कि अप्रैल के महीने में पड़ने वाला अधिकतम तापमान है।

सबसे ज्यादा तापमान मुंगेली में दर्ज
गुरुवार को छत्तीसगढ़ के सभी संभागो में लू जैसी स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा है । वहीं बस्तर संभाग में यह सामान्य या सामान्य से आसपास एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा तक पहुंचा।सबसे ज्यादा तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस मुंगेली में दर्ज हुआ है , बिलासपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस, रायपुर में 44.1, दुर्ग में 43.3, राजनांदगांव में 42.8, पेण्ड्रा रोड में 42.1 इसके अलावा अंबिकापुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। एक दिन पूर्व तक रायगढ़ का तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया था। मात्र जगदलपुर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक तक बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तर भाग में उत्तर से गर्म और शुष्क हवा रही है, जबकि दक्षिण भाग में तुलनात्मक रूप से ठंडी और नमी युक्त हवा का आगमन लगातार जारी है। छत्तीसगढ़ में 29 अप्रैल को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। राज्य के एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।
हालातों पर सीएम भूपेश की नजर
छत्तीसगढ़ का मध्य और उत्तरी भाग लू की चपेट में आ चुका है। रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग में हलाकान कर देने वाली गर्मी ने जनजीवन पर असर डाला है। छत्तीसगढ़ के अधिकांश शहरों में लू जैसे हालात बन रहे हैं। मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है। रायपुर ,राजनांदगांव ,दुर्ग और बिलासपुर में तापमान लगातार गर्म बना हुआ है । सीएम भूपेश बघेल ने गर्म हवाओं को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर पीने के पानी की व्यवस्था सहित कई निर्देश दिए हैं।इधर छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के कारण से स्कूलों में गर्मी की छुट्टी तय समय से पहले कर दी गई है। राज्य सरकार ने 24 अप्रैल से स्कूलों की छुट्टी करने का आदेश जारी कर दिया है। इस प्रकार छत्तीसगढ़ में 15 जून तक स्कूलों में छुट्टी रहेगी। वही छत्तीसगढ़ में संचालित स्कूलों के शिक्षकों को भी ग्रीष्मावकाश का लाभ मिलेगा। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग की तरफ से इस संबंध जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य शासन ने भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए सभी स्कूलों में ग्रीष्मावकाश संबंधी संशोधित आदेश जारी किया है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़: सीएम भूपेश बघेल ने हाइवे पेट्रोलिंग ,मानव तस्करी को रोकने दिखाई 61 वाहनों को हरी झण्डी












Click it and Unblock the Notifications