छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाले में कई लोगों पर FIR दर्ज, सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- गुनहगार बचेंगे नहीं
CGPSC Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित पीएससी घोटाले में ईओडब्लू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन अध्यक्ष सोनवानी समेत कई लोगों पर FIR दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को पीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी, तत्कालीन सचिव व आइएएस जीवन किशोर ध्रुव, परीक्षा नियंत्रक सहित अन्य अफसरों और कांग्रेस नेताओं पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने अपराध दर्ज कर लिया है। इनके खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश से संबंधित कई धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

वहीं राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट करके कहा है कि सीजीपीएससी महाघोटाले के आरोपी पूर्व अधिकारियों एवं नेताओं पर ईओडब्लू ने एफआईआर दर्ज कर दी है। इस महाघोटाले में अपने भविष्य की बलि देने वाले मेरे सभी बच्चों को आश्वस्त करता हूँ कि आपके साथ हुए अन्याय का हिसाब होगा। गुनहगार बचेंगे नहीं, हम आपकी प्रतिभा का सौदा करने वालों को उनके अंजाम तक पहुंचा कर रहेंगे।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के प्रचार के दौरान पीएम नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित तमाम नेताओं ने पीएससी घोटाले की जांच कराने की घोषणा की थी। राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद चार जनवरी 2024 को सीएम विष्णुदेव साय ने राज्य सेवा परीक्षा 2021 की गड़बड़ी की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था। छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद दूसरी बार इस संवैधानिक संस्थान की विश्वसनीयता कटघरे में है। इसके पूर्व 2003 की भर्ती परीक्षा भी विवाद में थी, उस वक़्त एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जांच की थी, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। अब इस प्रकरण में ईओडब्ल्यू और सीबीआई के निशाने पर टामन सिंह सोनवानी, सदस्य, पीएससी सचिव, परीक्षा नियंत्रक, सहायक परीक्षा नियंत्रक, राज्यपाल के सचिव, शेष अधिकारी और नेता आ गए हैं।
यह भी पढ़ें पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में उठाया स्काई वाक का मुद्दा, कहा- मैं रुकने वाला नहीं हूं












Click it and Unblock the Notifications