Odisha Election: चार जून को BJD सरकार की एक्सपायरी डेट, ओड़िशा में बोले CG के सीएम विष्णुदेव साय
Odisha Election 2024: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन ओडिशा में तीन जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने सुंदरगढ़ लोकसभा के बीरमित्रपुर, राजगांगपुर और सुंदरगढ़ में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ओडिशा में भाजपा ने जो घोषणा पत्र बनाया है उसमें प्रदेशवासियों के हित के लिए बहुत कुछ है।
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर यहाँ किसानों को 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान की कीमत मिलेगी, हमारी माताओं को पचास हजार रुपए का वाउचर मिलेगा। बुजुर्ग, दिव्यांग और बुनकरों को तीन हजार रूपया भत्ता मिलेगा। छोटा-मोटा काम करके अपना जीवन-यापन करने वाले लोगों को हमारी सरकार पचास रुपए का लोन देगी।

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि ओडिशा की पच्चीस लाख दीदियों को लखपति दीदी बनाया जाएगा। यहाँ के पांच लाख बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा। यहां पंद्रह लाख प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे। इसलिए आने वाले चार जून को बीजेडी सरकार का एक्सपायरी डेट है और दस जून को यहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
साय ने ओडिशा की जनता को डबल इंजन सरकार के फायदे गिनाएं और कहा कि मात्र 4 महीने में उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी, 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया, 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी और अंतर की राशि 13,320 करोड़ रुपए 24.72 लाख किसानों को देने का काम किया। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने के पहले सप्ताह में 70 लाख से ज्यादा माताओं-बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपए की सहायता राशि देने की बात भी कही। ओडिशा की जनता से भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय ने किया सोनिया गांधी पर कटाक्ष, कहा- कांग्रेस की दुर्गति देश देख रहा है
बीजेडी सरकार को घेरते हुए सीएम साय ने कहा कि यहां चौबीस वर्षों से नवीन पटनायक की सरकार है, मगर दुर्भाग्य कि चौबीस वर्षों में वे ओड़िया नहीं सीख पाए। तो वो ओडिशा के लोगों की तकलीफ को कैसे समझेंगे। लोग कहते हैं कि ओडिशा की सरकार को नवीन बाबू नहीं कोई दूसरा आदमी चला रहा है। यह बड़ी विचित्र बात है। उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का लाभ आम आदमी को न मिलने का आरोप लगाया और कहा बीजेडी सरकार ने केंद्र की योजना का नाम बदलकर बीजू स्वास्थ्य योजना कर दिया। लेकिन राज्य के प्राइवेट हॉस्पिटल में इसका लाभ गरीबों को नहीं मिलता है। यह दुर्भाग्यजनक है।












Click it and Unblock the Notifications