Chhattisgarh Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 16 नक्सली ढेर
Chhattisgarh Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां कुल्हाड़ी घाट के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षा बलों ने 16 नक्सलियों को मार गिराया है। रायपुर जोन के IG अमरेश मिश्रा ने बताया कि अब तक 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। AK 47, SLR, INSAS और अन्य स्वचालित हथियार बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है।
मुठभेड़ रविवार रात से शुरू होकर सोमवार रात तक चली। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने 16 नक्सलियों को मार गिराया और उनके शव और हथियार बरामद किए। एक महिला नक्सली भी मुठभेड़ में ढेर हो गई। इस ऑपरेशन में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ, जिसे एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया।

इस ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस की 10 टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इनमें 3 एसओजी (ओडिशा), 2 छत्तीसगढ़ पुलिस की टीमें और 5 CRPF की टीमें शामिल थीं। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने इलाके में तेजी से घेराबंदी की, जिसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। फ़िलहाल घटना के बाद कुल्हाड़ी घाट के गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भाटीगढ़ स्टेडियम को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
सीएम विष्णुदेव साय ने किया जवानों की बहादुरी को सलाम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है उन्होंने लिखा कि गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ रविवार रात से अब तक जारी मुठभेड़ में 10 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
सीएम विष्णुदेव साय ने आगे लिखा कि मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है। उनकी बहादुरी को सलाम करता हूं।हमारी डबल इंजन की सरकार में निश्चित ही हमारा छत्तीसगढ़ मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होकर रहेगा।
मुठभेड़ से जुड़ी बिंदुवार जानकारी
- 20 जनवरी को शुरू हुआ यह ऑपरेशन कुल्हाड़ी घाट रिजर्व फॉरेस्ट में किया गया।
- मुठभेड़ के दौरान 3 IED (Improvised Explosive Device) भी बरामद किए गए।
- सुरक्षा बलों ने 14 शव बरामद किए।
- इससे पहले, 16 जनवरी को छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर मुठभेड़ में 18 नक्सली मारे गए थे, जिनमें 50 लाख रुपये का इनाम घोषित दामोदर भी शामिल था।
बस्तर में तेज हुआ नक्सल ऑपरेशन
2024 में बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान काफी सफल रहा। बीजापुर और सुकमा में कई ऑपरेशनों के दौरान 50 से ज्यादा नक्सली मारे गए, कई नक्सली गिरफ्तार हुए और कई ने सरेंडर किया। यह ऑपरेशन नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की लगातार सक्रियता और कड़ी कार्रवाई का हिस्सा है, जो इलाके में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए किया जा रहा है।
यह भी पढ़े Donald Trump Announcement: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, अमेरिका मंगल ग्रह पर भेजेगा अंतरिक्ष यात्री












Click it and Unblock the Notifications