सीएम भूपेश की भेंट मुलाकात, कवर्धा के पंडरिया से होगी शुरुआत, नक्सल क्षेत्रों में सर्चिंग कर रहे जवान
कबीरधाम, 29 सितम्बर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अब एक बार फिर भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत जनचौपाल की शुरुआत करने जा रहें हैं। इस बार इसकी शुरुआत पूर्व निर्धारित कबीरधाम जिले से होगी। सीएम भूपेश प्रदेश व्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम का समापन 21 सितम्बर को बालोद जिले में हुआ था। मुख्यमंत्री के कवर्धा दौरे के सभी कार्यक्रम की तैयारियां जिला प्रशासन ने लगभग पूरी कर ली है। सीएम के साथ इस दौरान क्षेत्र के विधायक और परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर और विधायक ममता चन्द्राकर, जिले के प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

सीएम विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण भूमिपूजन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 सितंबर शुक्रवार को पंडरिया विधानसभा के ग्राम पंचायत इंदौरी और ग्राम पंचायत कुकदुर से अपने भेंट मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह जन चौपाल के माध्यम से आम लोगों से रूबरू होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पंडरिया विधानसभा क्षेत्र को 68 करोड़ 70 लाख रुपए की 81 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन करेंगे।

सीएम की सुरक्षा के एक हजार जवान तैनात
कबीरधाम जिले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। कवर्धा विधायक और केबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर आज कवर्धा पहुंच चुके हैं। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के आने से पूर्व लगभग 700 जवान तैनात किए गए हैं। जो इस क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग अभियान चला रहे हैं। इसके साथ-साथ जिला पुलिस बल के 300 जवानों की तैनाती , भेंट मुलाकात और रोड शो कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के लिए की गई हैं। परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर स्वयं एसपी लाल उमेद सिंह से सीएम के सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

सीएम अब तक 16 ज़िलों में कर चुके हैं भेंट मुलाकात
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से भेंट-मुलाकात के अभियान की शुरुआत 4 मई से की है। मुख्यमंत्री अब तक भेंट-मुलाकात अभियान के तहत 16 जिलों के 34 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल संपर्क-संवाद समाधान के उद्देश्य के साथ अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता से सीधी बात और उनकी समस्याओं को जानकर उनका निराकरण भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications