बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को अंतिम सलाम, CM विष्णुदेव साय ने पार्थिव शरीर को दिया कंधा
Chhattisgarh Naxal Attack: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दंतेवाड़ा के कारली पुलिस लाइन में बीजापुर जिले के कुटरू-बेदरे मार्ग पर ग्राम अंबेली में हुए आईडी ब्लास्ट में शहीद हुए जवानों और वाहन चालक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है।
उल्लेखनीय है कि बीजापुर जिले के कुटरू क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए इस आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी के 8 जवान और वाहन चालक तुलेश्वर राना शहीद हो गए। यह हमला बीते दो साल में राज्य में सुरक्षा बलों पर हुआ सबसे बड़ा हमला था।

शहीद जवान बामन सोढ़ी के पार्थिव शरीर को दिया कंधा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य नेताओं ने शहीद जवान बामन सोढ़ी के पार्थिव शरीर को कंधा देकर उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया। अन्य शहीद जवानों और वाहन चालक के पार्थिव शरीर भी उनके गृह ग्राम के लिए भेजे गए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, विधायक बीजापुर विक्रम मण्डावी, पूर्व सांसद दीपक बैज, पूर्व विधायक देवती कर्मा सहित पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सीएम ने कहा, जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कुटरू क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किया गया हमला न केवल जवानों पर, बल्कि लोकतंत्र और शांति के मूल्यों पर भी हमला है। उन्होंने यह भी कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और नक्सलवाद के खात्मे के लिए अभियान जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार की हिंसा और आतंक को सहन नहीं करेगी और बस्तर संभाग में शांति स्थापना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications