छत्तीसगढ़ की जनता से किए हर वायदे पूरे करेंगे, बलौदाबाजार में आयोजित सम्मेलन में बोले CM विष्णुदेव साय
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बलौदाबाजार जिले के सेम्हराडीह में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज बलौदाबाजार राज के छठवें वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस कार्यक्रम के मुख्य आतिथ्य थे। युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक व्यास कश्यप भी कार्यक्रम में शामिल थे।

महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस औरसीएम विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम की शुरूआत में समाज के महान विभूतियों को उनके तेल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर नमन किया। सीएम साय ने कार्यक्रम में नागरिकों की मांग पर सेम्हराडीह में उपस्वास्थ केंद्र की मंजूरी की घोषणा की। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर एक छात्र दीपक वर्मा को शिक्षा के लिए 25 हजार रूपये की आर्थिक मदद की स्वीकृति की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने ''परिणय पुष्प'' और ''अरपा छत्तीसगढ़'' शीर्षक से प्रकाशित पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर दो आदर्श विवाह संपन्न हुए, अतिथियों ने नवविवाहित दम्पत्तियों को खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया।
सीएम विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कुर्मी समाज की पहचान एक राष्ट्रभक्त और मेहनतकश समाज के रूप में है। उन्होंने कहा कि स्वतन्त्रता आंदोलन में इस समाज के महापुरूषों ने भी अपनी भागीदारी निभाई। मुख्यमंत्री साय ने पीएम नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए आम जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम 5 वर्षों में आम जनता से किए हर वायदे को पूरे करेंगे। शपथ ग्रहण के दूसरे दिन ही कैबिनेट की बैठक में हमारी सरकार ने 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने का निर्णय लेकर मोदी जी की गारंटियों को पूरा करने की शुरूआत कर दी है।
वहीं महाराष्ट्र के गवर्नर रमेश बैस ने अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए महिलाओं की शिक्षा महत्वपूर्ण होती है। पहले महिलाएं घर के कामों तक सीमित रहती थी, सामाजिक गतिविधियों में मात्र पुरुषों का ही योगदान रहता था, लेकिन संवैधानिक प्रावधान के तहत उन्हें आरक्षण का भी फायदा मिल रहा है और महत्वपूर्ण स्थानों पर भी महिलाएं अपने दायित्वों को निभा कर रही हैं।
यह भी पढ़ें New Year 2024: छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय ने जनता को दी नववर्ष की दी शुभकामनाएं












Click it and Unblock the Notifications