CHHATTISGARH:नान घोटाला भाग 2? BJP ने लगाया भूपेश सरकार पर 3 हजार करोड़ के महाघोटाले का आरोप
रायपुर, 08 फरवरी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भूपेश बघेल सरकार पर तीन हजार करोड़ रुपये के चावल घोटाले के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कथित घोटाले की जांच की मांग करते हुए कहा है कि भाजपा इस मुद्दे पर विधानसभा से लेकर सड़क की लड़ाई लड़ेगी।

तीन हजार करोड़ रुपये का कथित महाघोटाला
कौशिक ने बयान जारी करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को कोरोनाकाल में हुई परेशानियों के कारण केंद्र की मोदी सरकार की तरफ से दिये गए अतिरिक्त राशन को हड़प लिया है। कौशिक ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दस माह से जनता के अतिरिक्त राशन पर डाका डालकर कांग्रेस सरकार ने तीन हजार करोड़ रुपये का महाघोटाला किया है।
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने अपने बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अपने हक के अनाज के लिए इस लुटेरी सरकार के खिलाफ आंदोलन करना पड़ रहा है। भाजपा शुरू से यह कह रही है कि भूपेश बघेल सरकार केंद्र की मोदी सरकार द्वारा दिया जा रहा अतिरिक्त अनाज हितग्राहियों को नहीं दे रही है। यह स्थिति पूरे प्रदेश में एक जैसी है। गरियाबंद से लेकर राज्य के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में जनता के हक का अतिरिक्त अनाज भूपेश बघेल सरकार खा गई। इस सरकार ने डकैतों को भी पीछे छोड़ दिया है। कहते हैं कि दस्यु गरीबों को नहीं लूटते लेकिन इस सरकार ने तो गरीब जनता को भी नहीं बख्शा।

विधानसभा में उठेगा मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने आगे कहा कि न्याय के नाम पर नौटंकी दिखाने वाली भूपेश बघेल सरकार ने गरीबों के अनाज पर डाका डालकर अपना असल चरित्र दिखा दिया है कि पचास साल तक देश लूटने वालों ने अब छत्तीसगढ़ की गरीब जनता से लूट मचा रखी है। भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने गरीबों के राशन पर लूटमार की है। वह महापाप कांग्रेस को बहुत भारी पड़ेगा। यह उजागर हो गया है कि कांग्रेस की सरकार किसी के साथ न्याय नहीं बल्कि गरीब जनता के साथ अन्याय कर रही है। कौशिक ने इस कथित घोटाले की जांच की मांग करते हुए कहा है कि विपक्ष इस मुद्दे पर विधानसभा से लेकर सड़क की लड़ाई लड़ेगा ।

उत्तर प्रदेश चुनाव के बहाने सीएम बघेल पर कसा तंज
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने अपने बयान में कहा कि केंद्र सरकार एक-एक दाना अतिरिक्त अनाज का हिसाब भूपेश बघेल सरकार से लेगी ,तो इस लुटेरी सरकार को लेने के देने पड़ जायेंगे। कांग्रेस की सरकार पहले दिन से ही प्रदेश को चारागाह समझकर चर रही है। अवैध वसूली कर करके फंड बटोर रही है और अब तो गरीबों के राशन में हजारों करोड़ रुपये की हेराफेरी कर दी है । कौशिक ने सवाल किया है कि क्या गरीबों के हक के राशन की रकम भी कांग्रेस के ऑब्जर्वर ने यूपी चुनाव फंड के लिए भेज दी है?

कांग्रेस प्रवक्ता ठाकुर बोले, भाजपा को आ रहा है "नान घोटाला" याद
इधर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा है कि कौशिक को अपने सरकार का कार्यकाल याद आ रहा है। जब रमन सरकार मे गरीबों के हक का डाका डालकर 36 हजार करोड़ का नान घोटाला किया गया था। आज छत्तीसगढ़ में गरीबों का राज आया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार एक-एक गरीब को अनाज उनकी पात्रता के अनुसार उपलब्ध करवा रही है। महामारीकाल में जब मोदी भाजपा की सरकार गहरी निंद्रा में थी, तब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार गरीब जनता को 35 किलो के हिसाब से दो माह का राशन एक साथ मुफ्त दे रही है। साथ ही केंद्र सरकार की 5 किलो राशन का वितरण भी मोदी सरकार के तय मापदण्डो के अनुरूप कर रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार में गरीबों को भरपेट भोजन मिल रहा है भूमिहीनों को 6 हजार रु सलाना मिल रहा है बिजली मुफ्त मिल रही है। ऐसे में 15 साल तक जो रमन भाजपा की गरीबो की चावल चोरी करने वाली सरकार थी उनके मठाधीशो के पेट मे दर्द हो रहा है।
यह भी पढ़ें भूपेश बघेल सरकार ने की धान की बम्पर खरीदी,तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड












Click it and Unblock the Notifications