CG Budget: छत्तीसगढ़ सरकार 3 मार्च को पेश करेगी दूसरा बजट, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने दी हर जरूरी अपडेट
Chhattisgarh Budget Session: छत्तीसगढ़ सरकार 3 मार्च को अपना दूसरा बजट पेश करने जा रही है। इस संबंध में रविवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी 3 मार्च को दोपहर 12:30 बजे बजट पेश करेंगे।
इसके साथ ही डॉ. रमन सिंह ने बताया कि इस साल के बजट सत्र में विधायक और मंत्रियों को रायपुर के आईआईएम के अलावा लंदन और सिंगापुर के मैनेजमेंट इंस्टीट्यूशनों में ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ट्रेनिंग विशेष रूप से सरकार चलाने के लिए मैनेजमेंट स्किल, बजट के सही उपयोग, कम्युनिकेशन स्किल और पॉलिसी मेकिंग के तरीकों पर आधारित होगी।

विधानसभा सत्र की कार्रवाई के बारे में डॉ. रमन सिंह ने बताया कि 24 फरवरी से 21 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। पहले दिन, 24 फरवरी को राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 25 फरवरी को साल 2024-25 के तीसरे अनुपूरक बजट की मांगों पर चर्चा होगी। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि की छुट्टी रहेगी, जबकि हर शनिवार-रविवार को छुट्टी होगी। बाकी दिनों में विधायकों के सवालों पर चर्चा होगी। 13 से 16 मार्च तक होली के त्योहार की वजह से सत्र में छुट्टी रहेगी। फिर, 17 मार्च से विधानसभा की कार्रवाई पुनः शुरू होगी, जो 21 मार्च तक चलेगी।
90 विधायकों की ओर से 2367 सवाल
विधानसभा सत्र के दौरान 90 विधायकों की ओर से 2367 सवाल आए हैं, साथ ही 122 ध्यानाकर्षण सूचनाएं भी आई हैं। 19 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी और छत्तीसगढ़ पंचायत राज संशोधन विधेयक 2025 जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी बजट सत्र को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का दूसरा बजट सत्र पूरी तरह तैयार है, जिसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा। हाल ही में मंत्रालय में बजट को लेकर बैठक हुई, जिसमें कई विभागों के बजट प्रस्तावों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग के लिए लाभकारी बजट पेश करना है।












Click it and Unblock the Notifications