CG Election 2023: हेलीकॉप्टर से नक्सलगढ़ मतदान केंद्रों पर जाएगी पोलिंग टीम, आपात स्थिति से निपटने की कोशिश
Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को देखते हुए जहां राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं प्रशासन भी अपने स्तर पर व्यवस्थाएं कर रहा है। बताया जाता है कि अंदरूनी क्षेत्रों में जवानों की तैनाती के साथ ही दीगर व्यवस्थाएं भी पूरी की जा रही है।
इसी बीच चुनाव के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर चॉपर हेलीकॉप्टर भी खड़े किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जा सके।

इसके लिए एयरपोर्ट पर पर्याप्त संख्या में हेलीकॉप्टरों को स्टैंड बाई मोड पर रखा जाएगा। इसके अलावा अंदरूनी इलाकों के पहुंचविहीन मतदान केंद्रों तक मतदान दलों को पहुंचाने के लिए भी हेलीकॉप्टरों का उपयोग किया जाएगा। इसके चलते पुलिस विभाग ने हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था की कवायद शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस विभाग ने ये नहीं बताया कि कितनी संख्या में हेलीकॉप्टर तैनात किए जाएंगे, लेकिन आपात स्थिति में उपयोग करने के लिए हेलीकॉप्टरों की उपलब्धता होगी।
मालूम हो कि विधानसभा चुनाव में पहली बार साल 2013 में मतदान दलों को हेलीकॉप्टरों के जरिए अंदरूनी पहुंचविहीन मतदान केंद्रों तक पहुंचाया गया था। इसके बाद हेलीकॉप्टरों की मदद चुनाव संपन्न करवाने में ली जाती रही है।
बताया जाता है कि जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 10 मतदान केंद्रों तक हेलीकॉप्टर से दलों को पहुंचाया जाएगा। वहीं चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के करीब 12 केंद्रों तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जाएगी।
हेलीकॉप्टर की व्यवस्था के लिए भारतीय वायुसेना के साथ निजी कंपनियों को भी पत्र लिखा गया है। बताया जाता है कि सामान्य दिनों में जगदलपुर में भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर (चॉपर) स्टैंड बाई मोड पर बना रहता है। वहीं और भी हेलीकॉप्टरों की तैनाती किए जाने की तैयारी की जा रही है। इधर हेलीकॉप्टरों से गश्त भी मतदान के दौरान जारी रहेगी।
विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही बस्तर जिले में की जा रही तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बस्तर जिले के कुल 760 मतदान केंद्रों में से दरभा ब्लॉक के 61 और नानगुर क्षेत्र के 39 मतदान केंद्रों के अलावा लोहंडीगुड़ा के 70, बास्तानार के 47 केंद्रों को भी संवेदनशील केंद्रों में रखा गया है। इधर नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के भी 7 केंद्रों को संवेदनशील केंद्रों में शामिल किया गया है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications