छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में मिले कोरोना के 2665 नए मरीज, 22 की हुई मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार की रात तक 2,665 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं 570 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। बता दें कि अब तक 3,15,423 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं नए मरीजों के साथ ही दूसरी तरफ एक्टिव मरीज़ों की संख्या 15,307 हो गई है। पिछले शुक्रवार यानी की 19 मार्च को एक्टिव मरीजों की संख्या 6753 थी। यानी कि पिछले 7 दिनों में एक्टीव मरीजों की तादाद में 8554 लोगों की बढ़ोत्तरी हुई है। शुक्रवार को दुर्ग जिले में सबसे ज्यादा 988 मरीज मिले हैं।

Recommended Video
वहीं शुक्रवार को ये खबर भी आई कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री विष्णू साहू की मौत हो गई। विष्णू हाल ही में कोरोना संक्रमित हुए थे। इनके परिवार के लोग भी संक्रमित हुए हैं। ST-SC, OBC वर्ग के लिए काम करने वाले पेशे से वकील रामकृष्ण जांगड़े का भी एक दिन पहले इसी तरह निधन हो गया।
शुक्रवार को प्रदेश में कुल 22 कोरोना संक्रमित लोगों की मौत हो गई। इनमें रायपुर से 9, दुर्ग से 7, राजनांदगांव से 3, बेमेतरा से 1, महासमुद और बिलासपुर से 1-1 व्यक्ति की मौत हुई। राज्य में अब तक 4048 कोरोना संक्रमितों की जान जा चुकी है।
वहीं बढ़ते मामलों के देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि राज्य के 30 कोविड अस्पतालों में 3523 बेड,133 कोविड केयर इकाईयों में 16363 बेड और 78 प्राइवेट अस्पतालों में 2678 बेड उपलब्ध हैं। डेडिकेटेड कोविड अस्पतालों में 1295 ऑक्सीजन युक्त बेड ,365 एच डी यू बेड और 1863 सामान्य बेड उपलब्ध हैं।
हालांकि रायपुर शहर में एम्स में लोगों को ऑक्सीजन बेड मिलने में दिक्कत पेश आ रही है। कुछ प्राइवेट अस्पताल भी बेड फुल बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications