Chhattisgarh Election: भाजपा के घोषणा पत्र पर कांग्रेस का कटाक्ष, CM भूपेश बघेल ने बताया जुमला पत्र
CHHATTISGARH BJP: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा पत्र पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी प्रतिक्रिया दी हैं। सीएम भूपेश बघेल ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर के माध्यम से भाजपा के संकल्प पत्र को जुमला पत्र बताया है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने रायपुर में भाजपा का घोषणा पत्र जारी करके एक से बढ़कर एक वादे किये। इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्विटर पर अमित शाह का वीडियो शेयर करते हुए भाजपा के घोषणा पत्र को जुमला पत्र करार दिया है। सीएम भूपेश बघेल ने ट्विटर में लिखा कि 2 दिन पहले तक ये कमलछाप जिसे 'रेवड़ी' कहते घूम रहे थे, आज अपने "जुमला-पत्र" में उन्हीं सब विषयों को लेकर आए हैं। हमारी गारंटियों में से ही ये कुछ गारंटियों को अपने "जुमला-पत्र" में लाए हैं। बघेल ने आगे लिखा कि कुल मिलाकर ये मोदी की गारंटी नहीं, जो कांग्रेस की गारंटी है उसी में थोड़ा हेर-फेर कर के छत्तीसगढ़िया को बरगलाने की कोशिश है।
सीएम भूपेश बघेल ने आगे लिखा कि जो अब तक कहते थे कि धान और किसान कोई मुद्दा नहीं है, अब इनके "जुमला-पत्र" का यही पहला बिंदु है।सभी किसान साथियों को जीत की बधाई। यह हम सबकी सामूहिक जीत है।बाकि छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर इन्होंने अपने घोषणा पत्र से हटाकर जो अपमान किया है, उसका बदला तो हम सब बटन दबाकर लेंगे। सीएम भूपेश बघेल ने अंत में लिखा कि छत्तीसगढ़ विरोधी भाजपा के एक-एक नेता को घर तक छोड़कर आएँगे, इनको सबको बोरे-बासी भी खिलवाएँगे, गेड़ी भी चढ़वाएँगे, तीज-त्यौहार भी मनवाएँगे और छत्तीसगढ़ी भी बुलवाएँगे।












Click it and Unblock the Notifications