Chhattisgrh Election: वोटिंग के बीच गरियाबंद में नक्सलियों का IED ब्लास्ट, ITBP का एक जवान शहीद
Chhattisgarh IED Blast: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव दूसरे चरण के मतदान के बीच बुरी खबर सामने आई है। वोटिंग के बीच गरियाबंद जिले में नक्सलियों के हमले में एक जवान शहीद हो गया। नक्सलियों द्वारा IED ब्लास्ट किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना गरियाबंद जिले के बड़े गोबरा गांव में हुई है, जहां विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान करवाया गया है। गरियाबंद में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है, जिसमें इंडो तिब्ब्त पुलिस बल (ITBP) का एक जवान शहीद हो गया।

पुलिस ने की IED ब्लास्ट की पुष्टि
घटना ऐसी वक्त हुई है, जब किसी भी तरह की आशंका के मद्देनजर पोलिंग बूथ पर पर्याप्त सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, लेकिन फिर भी नक्सली हमले की घटना सामने आई। आईईडी धमाके की पुष्टि पुलिस की ओर से की गई है।
एक जवान शहीद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले में शुक्रवार को नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट किया, जिसके बाद मतदान दल की सुरक्षा में लगे आईटीबीपी के हेड कांस्टेबल की धमाके की चपेट में आकर जान चली गई है।
लौटते वक्त पोलिंग पार्टी पर हमला
बताया जा रहा है कि घटना मतदान के बाद लौटते समय हुई। नक्सलियों ने बारूदी सुरंग बिछाई थी, जिसमें विस्फोट की वजह से एक जवान की मौत हो गई है। मतदान दल को दूसरे रास्ते से लाने की तैयारी में प्रशासन जुटा।
आईजी रायपुर रेंज आरिफ शेख ने बताया कि जब पोलिंग पार्टी बड़े गोबरा मतदान केंद्र से लौट रही थी तभी नक्सलियों ने पोलिंग पार्टी को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट किया था। धमाके में आईटीबीपी के हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह की मौत हो गई। पोलिंग पार्टी और ईवीएम मशीन सुरक्षित गरियाबंद पहुंची है।
छत्तीसगढ़ में 5 बजे तक 68.15% वोटिंग
छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के तहत 70 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। शाम 5:00 बजे तक छत्तीसगढ़ चुनाव के दूसरे चरण में 67.34% मतदान हुआ। वहीं गरियाबंद जिले के दो विधानसभा राजिम और बिन्द्रानवागढ़ में चुनावी मैदान में उतरे कुल 17 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला भी ईवीएम में कैद हो गया।












Click it and Unblock the Notifications