CG: बिलासपुर में बोले सीएम विष्णुदेव साय, भारत जोड़ो यात्रा करने वाले अपना घर ही नहीं संभाल पा रहे हैं
Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा चुनाव प्रचार के कांग्रेस पर जमकर हमला बोल रहे है। गुरुवार को उन्होंने बिलासपुर में भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू की नामांकन रैली के दौरान कहा कि कांग्रेसी लबरा और भ्रष्टाचारी हैं, जिसने अपने 5 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था। इनको फिर से सबक सिखाना है। कांग्रेसियों ने भारत जोड़ो यात्रा की, लेकिन अपने घर को ही नहीं संभाल पा रहे हैं। रोज बड़े-बड़े कांग्रेस नेता के रिश्तेदार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। दुर्ग में विजय बघेल के नामांकन रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भाभी ने भाजपा प्रवेश किया। कांग्रेस में चारों ओर भगदड़ मची है।

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए।
उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। महादेव सट्टा एप को संरक्षण देने के लिए उन पर 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा, जिस पर एफआईआर भी दर्ज हुआ है। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। कभी गद्दे में सोने वाले आज जेल में नीचे सो रहे हैं, मच्छर से परेशान हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है, खाता खोलने भी नहीं देना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने वाला है। साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले ही छत्तीसगढ़ की सत्ता भाजपा को सौंप दी है और केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है। ये सब जानते हुए भी कांग्रेसी जनता को ठगने का नया पैंतरा ले कर आए हैं, जिसका जनता करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव आया तो कांग्रेसी फिर से जनता को ठग रहे हैं। डबल इंजन की सरकार आदिवासियों का आरक्षण ख़त्म कर देगी ये भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है कि आरक्षण कभी भी खत्म नहीं होगा। कोई भी ताकत आरक्षण को ख़त्म नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है तो अब वे आरक्षण ख़त्म होने का भ्रम फैला रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications