CG: कोबरा फोर्स के 800 जवानों ने चलाया ऑपरेशन "आस्क", नक्सलियों के हौसले पस्त, 2 नक्सली कैम्प ध्वस्त
छत्तीसगढ़ के बलराम जिले में स्थित बूढ़ा पहाड़ में कोबरा बटालियन के जवानों ने विशेष अभियान चलाकर नक्सलियों को खदेड़ा है। 3 दिनों के इस अभियान में कोबरा बटालियन के 800 जवानों ने मेगा आस्क ऑपरेशन चलाया।
बलरामपुर, 22 अगस्त। छत्तीसगढ़ के बलराम जिले में स्थित बूढ़ा पहाड़ में कोबरा बटालियन के जवानों ने विशेष अभियान चलाकर नक्सलियों को खदेड़ा है। 3 दिनों के इस अभियान में कोबरा बटालियन के 800 जवानों ने मेगा आस्क ऑपरेशन चलाया। इसमें नक्सलियों के 2 कैंपों को ध्वस्त किया गया। इस ऑपरेशन से नक्सलियों के घायल होने की खबर है। इस दौरान जवानों को एम्बुस में फंसाकर हमला करने की कोशिश भी लेकिन जवान एम्बुस तोड़ने में कामयाब रहे।

800 कोबरा जवानों ने चलाया ऑपरेशन आस्क
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में छत्तीगसगढ़ और झारखंड सीमा के बीच बूढ़ा पहाड़ है। पुलिस और कोबरा फोर्स को जानकारी मिली थी कि बूढ़ा पहाड़ में नक्सलियों के बड़े लीडर मीटिंग करने वाले हैं। वहीं इनकी मौजूदगी में नक्सलियों का ट्रेनिंग कैंप भी शुरू होने वाला है। क्योंकि यहां बरसात के दिनों में हर साल प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी पुलिस को मिलती रही है। लेकिन इस पर छत्तीसगढ़ और झारखंड के 3 बटालियन के 800 जवानों ने बूढ़ा पहाड़ में एक साथ ज्वाइंट ऑपरेशन "आस्क" शुरू किया।

नक्सलियों ने किए 25 आइईडी ब्लास्ट
पुलिस को सुचना मिली थी कि बुढ़ा पहाड़ में 25 लाख का इनामी नक्सली सौरभ उर्फ मरकस बाबा और नवीन यादव, रवीद्र गंझू, मृत्युंजय भुईंया के साथ संतू भुईंया समेत बड़े नक्सली लीडर वहां इकठ्ठा होंगे। साथ में उनकी मौजूदगी में नए भर्ती नक्सलियों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया जाना है। ऑपरेशन से पहले ग्रामीणों ने पहाड़ में ब्लास्ट होने की 20-25 बार आवाज भी सुनी थी। इससे ग्रामीण दहशत में थे। माना जा रहा है कि ट्रेनिंग के दौरान नक्सलियों ने ब्लास्ट किए होगें। इसके बाद यह ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के बाद सभी जवान और अधिकारी सकुशल वापस लौटकर आ गए हैं।

नक्सलियों ने लगाया था एम्बुस
तीन दिन चले इस ऑपरेशन में लगभग एक घंटे तक नक्सलियों और जवानों के बीच गोलीबारी चली। ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने एंबुस भी लगाया। इस ऑपरेशन के शुरू होने से पहले नक्सलियों तक इसकी जानकारी पहुंच गई और उन्होंने 4 लेयर का एंबुस लगाया, लेकिन कोबरा फोर्स ने उसे निष्क्रिय कर दिया। इस बीच 18 से 20 अगस्त के बीच दो दिन नक्सलियों से आमना सामना हुआ। इस दौरान पहली बार 25 मिनट तक दोनों के बीच में फायरिंग होती रही तो दूसरे दिन रूक-रूक कर 40 मिनट तक फायरिंग चली। कुछ नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

ऑपरेशन में नक्सलियों के कैम्प किये ध्वस्त
बलरामपुर एसपी मोहित गर्ग ने बताया कि आपरेशन में जवानों ने रास्ते में मिले नक्सलियों के दो कैंप ध्वस्त किए गए हैं। फोर्स व नक्सलियों के बीच दो दिन में एक घंटे तक गोलियां चलीं। पता लगाया जा रहा है कि कितने नक्सली घायल हुए हैं। सूचना थी कि बड़े कैडर के नक्सली मीटिंग व ट्रेनिंग करने वाले हैं। इस पर 800 जवानों ने ज्वाइंट आपरेशन चलाया, वे आपरेशन के बाद सुरक्षित वापस लौट आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications