छत्तीसगढ़: रमन सिंह की कांग्रेस सरकार से मांग, जशपुर घटना में मृतक के परिवार को मिले 50 लाख मुआवजा
छत्तीसगढ़: रमन सिंह की कांग्रेस सरकार से मांग, मृतक के परिवार को मिले 50 लाख मुआवजा
रायपुर, 15 अक्टूबर: छत्तीसगढ़ के जशपुर में दुर्गा विसर्जन के दौरान गांजा लेकर जा रही एक तेज रफ्तार कार के लोगों को कुचल देने की घटना को पूर्व सीएम और भाजपा नेता रमन सिंह ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। साथ ही उन्होंने मामले में मृतक परिवार को 50 लाख मुआवजा और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीएम भूपेश बघेल अगर लखीमपुर जा सकते हैं तो यहां जाकर भी लोगों की पीड़ा सुननी चाहिए। मृतक परिवार को 50 लाख और घायलों को 10 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराएं।

रमन सिंह ने अपने बयान में कहा, जशपुर के पत्थलगांव की घटना दिल दहला देने वाली है। एक गांजा तस्कर की गाड़ी पीछे से आती है और विसर्जन के जुलूस को रौंदते हुए निकल जाती है। 16 लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं और एक की मौत होती है। कोई पुलिसकर्मी वहां पर नहीं दिखता जबकि वहां रूट डायवर्ट किया जाना चाहिए। ये सीधा लापरवाही है, असामाजिक तत्वों का हौसला छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक को तत्काल हटाया जाना चाहिए।
सीएम ने क्या कहा है
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा है- जशपुर की घटना बहुत दुखद और हृदयविदारक है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथमदृष्टया दोषी दिख रहे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। जांच के आदेश दिए गए हैं। कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। सबके साथ न्याय होगा। ईश्वर दिवंगतजनों की आत्मा को शांति दे।
जशपुर एसपी कार्यालय की ओर से बताया गया है कि जशपुर जिले के पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने लोगों को कुचल दिया। जशपुर के पत्थलगांव की घटना में दोनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और वे छत्तीसगढ़ से जा रहे थे।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने बताया है कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और 16 लोग भर्ती हैं। दो लोगों को एक्सरे में फ्रैक्चर का पता चला है उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा गया है।
दोपहर की घटना
ये घटना शुक्रवार दोपहर डेढ़ से 2 बजे के बीच की है। यहां काफी संख्या में लोग दुर्गा पंडालों की मूर्ति का विसर्जन करने के लिए नदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे आई एक तेज रफ्तार कार इन लोगों को कुचलते हुए निकल गई। लोगों का कहना है कि कार में गांजा भरा था और करीब 100 की स्पीड से चलाते हुए उसने लोगों को कुचला। घटना में दो आरोपियों- बबलू विश्वकर्मा और शिशुपाल साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले बता गए हैं, जो गाड़ी लेकर छत्तीसगढ़ से निकल रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications