बीजापुर: नक्सलियों ने की युवक की हत्या, चार दिनों पहले किया था अपहरण
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने मुख़बिरी के शक में एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। ग्रामीण के शव को ग्राम के करीब जंगल में फेंक दिया है।
बीजापुर, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने मुख़बिरी के शक में एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। ग्रामीण के शव को ग्राम के करीब जंगल में फेंक दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने 4 दिन पूर्व ग्रामीण का अपहरण किया था। जिसके पश्चात उन्होंने धारदार हथियार से गला रेत कर घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस फ़ोर्स को मौके के लिए भेज दिया गया है। वारदात जिले के बांगापाल थाना क्षेत्र में घटी है।

जानकारी के अनुसार , बांगापाल क्षेत्र के कंवरगांव का रहने वाला व्यक्ति गोपीराम मड़कम 8 अगस्त को हाट गया हुआ था। उसी दरमियान ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचे नक्सलियों ने गोपीराम का अपहरण कर लिया। माओवादी ग्रामीण को 4 दिनों तक उसे जंगल-जंगल घुमाते रहे। फिर गुरुवार की सुबह पुलिस की मुखबिरी के आरोप में धारदार हथियार से गला रेत कर मौत की सजा दे दी। जिसके बाद ग्रामीण के शव को कंवरगांव के नजदीक जंगल में ही फेंक दिया।
ग्रामीणों ने हत्या की सूचना बांगापाल थाना के जवानों को दी। जानकारी मिलते ही जवानों की एक टीम को मौके के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाने के प्रयास में लगी हुई है। इलाके के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। कुछ दिन पूर्व भी माओवादियों ने जिले में पुलिस की मुखबिरी करने के संदेह में अलग-अलग थाना इलाकों में 2 ग्रामीणों की हत्या की थी।
यह भी पढ़ें झारखंड में ईडी की कार्रवाई, छत्तीसगढ़ में सोने चांदी की तस्करी का बड़ा खुलासा












Click it and Unblock the Notifications