सुहागरात के अगले दिन ही छोड़कर चली गई बीवी, पुलिस से बोला पति - मुझे मेरी बीवी वापस दिलाओ
छतरपुर, 17 फरवरी: मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक शख्स ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा बीवी सुंदर है, स्मार्ट है, इसलिए साथ नहीं रहना चाहती है। यही नहीं जब वह बीवी को लेने ससुराल जाता है तो वह अपने घरवालों से पिटवाती है। मामला सामने आने पर पुलिस भी हैरान रह गई। शख्स ने अपनी बीवी की मांग करते हुए पिटाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला ?
उत्तर प्रदेश के बांदा में रहने वाले नंदू पाल ने छतरपुर एसपी से शिकायत दर्ज कराई है। नंदू पाल ने शिकायत में कहा, "मेरी पत्नी सुंदर है, स्मार्ट है। वह पढ़ी-लिखी भी है। इस वजह से साथ नहीं रहना चाहती। मायके में लेने जाओ, तो घरवालों से कहकर पिटवाती है। मुझे मेरी पत्नी वापस चाहिए। जिन्होंने मुझे पीटा, उन्हें सजा मिलनी चाहिए।"

एक साल पहले हुई थी शादी, सुहागरात के बाद छोड़कर चली गई पत्नी
नंदू पाल बांदा के मटोंध गांव का रहने वाला है। नंदू ने बताया कि 30 अप्रैल 2021 को उसकी शादी लवकुश नगर थाना क्षेत्र के गांव नगरौली की रहने वाली रीना पाल से हुई थी। दोनों की शादी परिवारों की रजामंदी से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। नंदू ने कहा कि शादी के तीन दिन बाद ही पत्नी मायके गई थी। तब से लौटने को तैयार ही नहीं है, क्योंकि वह उसकी तरह सुंदर नहीं है।

पत्नी और उसके घरवालों ने कमरे में बंद कर पीटा
नंदू का कहना है कि जब वह अपनी बीवी को लेने उसके घर गया तो उसने वापस लौटने से साफ इनकार कर दिया। यही नहीं उसे एक कमरे में बंद कर उसकी पिटाई भी की गई। 16 फरवरी (बुधवार) को भी जब वह पत्नी को लेने गया तो उसे पीट दिया गया।

नंदू ने कहा - मुझे मेरी पत्नी वापस दिलाओ
नंदू ने बताया कि जब ससुराल वालों ने उसे पीटा तो वह लवकुशनगर थाने में गया था, लेकिन उसकी शिकायत नहीं सुनी गई। इसके बाद वह छतरपुर एसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायत दी। नंदू ने अपने आवेदन में पत्नी को वापस दिलाने और मारपीट करने वाले ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications