तमिलनाडु सीएम के बेटे उदयनिधि स्टालिन के विवादित बोल, सनातन धर्म को बताया डेंगू-मलेरिया; कहा- इसे खत्म करो
Udhayanidhi Stalin Controversial Statement: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके नेता एमके स्टालिन के बेटे और खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म पर अपमानजनक टिप्पणी की है। अपने बयान में उदयनिधि ने सनातन धर्म की तुलना मलेरिया और डेंगू से कर दी।
तमिलनाडु के युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, उन्हें ही खत्म कर देना चाहिए। हम डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोना का विरोध नहीं कर सकते, हमें इसे मिटाना है, ऐसे ही हमें सनातन को मिटाना है।

'सनातन उन्मूलन सम्मेलन' में किया अपमान
उन्होंने आगे कहा कि सनातन का विरोध कर उसे खत्म करना चाहिए। सनातन नाम संस्कृत से है। यह सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है। इसी के साथ उदयनिधि ने कार्यक्रम में बोलने के लिए आयोजकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का नाम 'सनातन विरोधी सम्मेलन' के बजाय 'सनातन उन्मूलन सम्मेलन' रखा गया, इसकी मैं सराहना करता हूं।
लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी पर दी प्रतिक्रिया
इतना ही नहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी नाम के अकाउंट के पोस्ट पर, जिसमें कहा गया है कि वे उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कानूनी कदम उठाने के बारे में विचार कर रहे हैं। उस पर भी उदयनिधि ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
'मैं किसी भी कानूनी चुनौती के लिए तैयार'
LRO के पोस्ट पर जवाब देते हुए उदयनिधि स्टालिन ने लिखा, "इसे लाओ। मैं किसी भी कानूनी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हूं। हम इस तरह की भगवा धमकियों से नहीं डरेंगे। हम, पेरियार, अन्ना और कलैग्नार के अनुयायी, सामाजिक न्याय को बनाए रखने और एक समतावादी समाज की स्थापना के लिए हमेशा लड़ते रहेंगे।"
उन्होंने आगे कहा- सीएम एमके स्टालिन के नेतृत्व में सामाजिक न्याय को बनाए रखने के लिए संघर्ष करते रहेंगे। मैं आज, कल और हमेशा यही कहूंगा कि द्रविड़ भूमि से सनातन धर्म को रोकने का हमारा संकल्प थोड़ा भी कम नहीं होगा।
डीएमके के नेता और मंत्री भी रहे मौजूद
सनातन उन्मूलन सम्मेलन में उदयनिधि स्टालिन के अलावा डीएमके के कई अन्य नेता भी शामिल हुए थे। जिसमें तमिलनाडु सरकार में मानव संसाधन मंत्री पीके शेखरबाबू ने भी हिस्सा लिया। बता दें कि शेखर बाबू तमिलनाडु में प्राचीन हिंदू मंदिरों को भी नियंत्रित करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications