अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विश्व का नेतृत्व करेंगे नरेंद्र मोदी
नयी दिल्ली। कल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व का नेतृत्व करेंगे। 21 जून की सुबह चंडीगढ़ में कैपिटल कम्पलैक्स में कॉमन योग प्रोटोकॉल के सामूहिक योग प्रदर्शन में भाग लेकर मोदी दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का नेतृत्व करेंगे।

समारोह 6.30 बजे सुबह शुरू होगा और इसमें 45 मिनट का योग प्रोटोकॉल प्रदर्शन शामिल होगा। चंडीगढ़ के कैपिटल कम्पलैक्स में आयोजित समारोह में 35 हजार से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है, जबकि चंडीगढ़ शहर के 100 विभिन्न स्थानों पर 10 हजार से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। इस साल योग दिवस पर दिव्यांगों, युवाओं एवं समाज के निर्वल वर्गों के लोगों की भागीदारी पर जोर होगा।
योग प्रदर्शन राष्ट्रीय एवं राज्यों के राजधानियों में भी कई स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। देश के विख्यात योग संस्थानों के सहयोग से देश के सभी जिला मुख्यालयों में ऐसे ही समारोहों की योजना बनाई गई है।
दिल्ली में योग दिवस कार्यक्रम
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में मुख्य समारोहों का आयोजन आयुष मंत्रालय एवं नई दिल्ली नगरपालिका परिषद द्वारा कनॉट प्लेस, लोधी गार्डन, नेहरु पार्क एवं ताल कटोरा गार्डन में किया जाएगा। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वेंकैया नायडू, दिल्ली के उपराज्यपाल श्री नजीब जंग एवं सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी दिल्ली में योग प्रदर्शनों में भाग लेंगे। दिल्ली में अन्य बड़े योग समारोह द्वारका, रोहणी एवं यमुना स्पोर्टस कम्पलैक्स में आयोजित किए जाएंगे।
173 देशों में योग
दुनियाभर में 173 से अधिक भारतीय मिशन भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जागरुकता फैलाने के लिए योग प्रदर्शनों का आयोजन कर रहे हैं। योग दिवस पर मुख्य समारोह के अतिरिक्त कई भारतीय मिशनों ने योग जागरुकता के प्रसार के लिए विश्व के कई हिस्सों में पूर्वालोकन समारोहों की एक श्रृंखला का आयोजन किया है।
योगा गीत
45 मिनटों के योगा प्रोटोकॉल के अतिरिक्त इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए 'योग गीत' नामक एक थीम गीत जारी की गई है। यह गाना हिन्दी भाषा में 3 मिनट 15 सेकंड का है। इस गीत के लेखक एवं निर्माता श्री धीरज सारस्वत हैं तथा इसे श्री गंधार टीडी जाधव एवं सुश्री गाथा जाधव ने गाया है।












Click it and Unblock the Notifications