आवाज-ए-पंजाब की लॉन्चिंग पर सिद्धू ने साधा बादल और केजरीवाल पर निशाना
चंडीगढ़। बीजेपी से अलग होकर नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में बनाए गए नए मोर्चे 'आवाज-ए-पंजाब' की लॉन्चिंग की। इस मौके पर उन्होंने 'आवाज-ए-पंजाब' को इंकलाबी आवाज करार दिया।

आवाज ए पंजाब की लॉन्चिंग पर बोले सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि 'आवाज-ए-पंजाब' एक मोर्चा है। इस मौके पर उन्होंने अरविंद केजरीवाल और पंजाब की बादल सरकार पर निशाना साधा।
सिद्धू ने कहा कि देश में एक परंपरा है कि यहां अच्छे लोगों का इस्तेमाल केवल प्रचार के लिए किया जाता है। उन्हें बस सजावट के लिए रखा जाता है।
उन्होंने कहा कि जब राज्यसभा से इस्तीफा देने के लिए पहुंचा तो उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी इस फैसले से चौंक गए। उन्होंने कहा कि ऐसा करते हुए उन्होंने किसी को नहीं देखा।
पंजाब की बादल सरकार पर साधा निशाना
इस मौके पर सिद्धू बोले कि कोई भी पार्टी अच्छी या बुरी नहीं होती, बस इससे जुड़े लोग अच्छे बुरे होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई किसी पार्टी से नहीं बल्कि उन्हें चलाने वालों से है।
पंजाब की बादल सरकार पर निशाना साधते हुए सिद्धू ने कहा कि प्रदेश में केवल एक ही परिवार सारा मुनाफा कमा रही है।
उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं काले बादल छंट सूरज निकलना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अच्छे लोग 'आवाज-ए-पंजाब' से जुड़ें।
केजरीवाल को लेकर सिद्धू ने किया खुलासा
इस दौरान सिद्धू ने अरविंद केजरीवाल को लेकर भी कई खुलासे किए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा से इस्तीफे के पीछे केजरीवाल की पार्टी में जाने का कोई इरादा नहीं था।
उन्होंने बताया कि केजरीवाल ने हमारी मुलाकात को लेकर ट्वीट किया था लेकिन ये आधा सच है, पूरा सच मैं बताता हूं। केजरीवाल जी ने मुझसे कहा कि आप चुनाव मत लड़िए, अपनी पत्नी को चुनाव में उतारिए मैं उन्हें अपनी सरकार में मंत्री बनाऊंगा। मैं उनसे बस इतना ही बोला...सत श्री अकाल।
सिद्धू ने कहा कि केजरीवाल केवल उन्हीं को अपनी पार्टी में चाहते हैं जो उनकी हां में हां मिलाएं। आखिर में सिद्धू ने बताया कि फिलहाल अभी आवाज-ए-पंजाब एक फोरम है। मैं 15 दिन चाहता हूं कि इसके बाद मैं अपने फैसले के बारे में सबको अवगत कराऊंगा।












Click it and Unblock the Notifications