AAP में शामिल हुए प्रदीप छाबड़ा ने कहा- नेता और कार्यकर्ता परेशान हो कर छोड़ रहे कांग्रेस
पंजाब में विधानसभा के दिन नज़दीक आ रहे हैं। नेताओँ के बीच रूठने मनाने का दौर जारी है। पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने भी कांग्रेस पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
चंडीगढ़, अगस्त 18,2021। पंजाब में विधानसभा के दिन नज़दीक आ रहे हैं। नेताओँ के बीच रूठने मनाने का दौर जारी है। पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने भी कांग्रेस पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद प्रदीप छाबड़ा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और अपनी भड़ास भी निकाली।

कांग्रेस पार्टी का अस्तित्व ख़त्म
पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा की कांग्रेस का अस्तित्व ख़त्म होते जा रहा है। कांग्रेस के ज्यादातर नेता और कार्यकर्ता परेशान होकर पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेताओं को टिकट के लिए इमोशनल ब्लैकमेल किया जा रहा है। पद और टिकट का लालच देकर उन्हें रोका जा रहा है। कांग्रेस में इस्तीफों का दौर शुरू हो चुका है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी को छोड़ कर 30 और नेता आम आदमी पार्टी में अगले हफ़्ता शामिल होंगे। आपको बता दें कि बुधवार को कांग्रेस को अलविदा कहा चुके 30 से ज़्यादा नेताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा।
केजरीवाल की विचारधारा से प्रेरित
प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसी विचारधारा की देश को ज़रूरत है। मैंने अरविंद केजरीवाल की विचारधारा से प्रेरित होकर आम आदमी पार्टी ज्वॉइन किया है। चंडीगढ़ की जनता कांग्रेस और भाजपा दोनो को मौका दे चुकी है। इस बार अब जनता आम आदमी पार्टी को अजामाना चाहती है। दिल्ली में जिस तरह से आम आदमी पार्टी पूरे देश के लिए एक मॉडल बन चुकी है उसी तरह आम आदमी की सरकार का मॉडल चंडीगढ़ में भी लागू किया जाएगा। चंडीगढ़ में भी राजनीतिक बदलाव की जरूरत है। शहर की जनता कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी से तंग आ चुकी है।
कांग्रेस छोड़कर कई नेता AAP में शामिल
आपको बता दें कि कांग्रेस छोड़कर कई नेता आम आदमी पार्टी का दामन थाम चुके हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के साथ साथ पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी आम आदमी पार्टी के लिए रणनीति तैयार करेंगे। प्रदीप छाबड़ा ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए सभी नेता पूरी तैयारी के साथ जुट जाएं।
अबोहर से चुनाव लड़ सकते हैं छाबड़ा
प्रदीप छाबड़ा का ताल्लुक पंजाब के अबोहर से है इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदीप छाबड़ा अब अगला विधानसभा चुनाव अबोहर से लड़ सकते हैं। छाबड़ा ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि वह चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पार्षद के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन पार्टी को जीताने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। ग़ौरतलब है कि बुधवार को सेक्टर-39 में हुए कार्यक्रम में पूर्व महासचिव संदीप भारद्वाज भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। वहीं उनके साथ मंगलवार को इस्तीफा देने वाले संगठन सचिव कुलदीप दाल्लोरा टीटा ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली।


Click it and Unblock the Notifications
