अमानवीयताः 20 किलो चना चुराने के आरोप में बेटे को पीटा और पिता से पूरे गांव में मंगवाई माफी
चंदौली। देश 21 वीं सदी में पहुंच गया है लेकिन अभी भी समाज में सामंतवाद और दबंगई की तस्वीरें कभी न कभी दिखाई दे ही जाती हैं। ऐसा ही एक मामला चंदौली में सामने आया है। जब महज 2 बोझ(लगभग 20 किलो) चना चुराने के आरोप में एक युवक की न सिर्फ पिटाई की गई बल्कि उसके वृद्ध पिता की जमकर बेइज्जती की गई और यही नहीं उस समय युवक की वृद्ध मां भी वहां मौजूद थी।

उधर इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला कदवा थाना क्षेत्र के अमड़ा गांव का है। जहां के रहने वाले शशिकांत राय ने गांव के ही एक युवक और उसके पिता पर खेत से 2 बोझ चना चुराने का आरोप लगाते हुए सरेआम पिटाई कर दी। अलीआर नाम के युवक पर चना चुराने का आरोप था। शशिकांत राय ने आलियार और उसके पिता को अपने दरवाजे पर बुलाया और देखते ही देखते आसपास के सैकड़ों ग्रामीण भी वहां पर इकट्ठे हो गए।
इसके बाद शशिकांत राय ने युवक की न सिर्फ पिटाई की बल्कि उसके पिता की भी जमकर बेईज्जती की और वहां पर मौजूद सभी लोगों के पैर पकड़ा कर माफी मंगवाई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में कदवा थाना में शशिकांत राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस का दावा है कि जल्दी शशिकांत राय को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया की इस मामले में धारा 323, 504, 269, 270, 271 आईपीसी और 188 लॉकडाउन का उल्लंघन और संक्रमण फैलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है ।












Click it and Unblock the Notifications