Chandauli News: 8 बदमाश, 4 बाइक, 7 गोलियों की गूंज, मुगलसराय में जिम संचालक को गोलियों से किया छलनी
Chandauli News: चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने एक जिम संचालक को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना धरना गांव की बताई जा रही है, जहां रात करीब 11:30 बजे अरविंद यादव नामक युवक पर हमला हुआ। चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आठ हमलावर आए थे। उन्होंने पहले अरविंद को जिम से बाहर बुलाया और फिर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं।

हमलावरों की गोलियों का शिकार बने अरविंद के सिर, पीठ और गर्दन पर एक के बाद एक कई गोलियां लगीं। लहूलुहान हालत में वह मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
घटनास्थल पर मिले कारतूस
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक दौड़कर पहुंचे, बदमाश हवा में गोलियां चलाते हुए फरार हो चुके थे। अरविंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस को सात खोखे और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह?
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अरविंद यादव पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और कुछ लोगों के साथ साझेदारी में काम करता था। लेकिन पुराने एक विवाद के बाद उसने उनसे दूरी बना ली थी।
परिजनों के मुताबिक, उन्हीं लोगों ने कई बार अरविंद से पैसे की मांग की थी। उन्होंने दबाव डालने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजन हमलावरों की पहचान पहले से कर चुके हैं।
नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस
मृतक के भाई दीपक यादव ने पुलिस को दिए बयान में कई आरोपियों के नाम बताए हैं, जिनमें कल्लू यादव, राम लखन यादव, अमर यादव, बाबा यादव, काजू यादव और प्रकाश यादव शामिल हैं। प्रकाश यादव पर लोकेशन देने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, एएसपी अनंत चंद्रशेखर और सीओ कृष्णमुरारी शर्मा खुद मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच की टीम भी सक्रिय हो चुकी है। अफसरों ने परिजनों से बातचीत कर हर पहलू की जानकारी ली।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की गई है। गांव में पुलिस की लगातार निगरानी बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications