हो गया कन्फर्म, वाट्सऐप से भी भेजे जा सकेंगे पैसे
नई दिल्ली। काफी दिनों से यह बात सुनने में आ रही थी कि वाट्सऐप में पैसे भेजने का फीचर भी आएगा। अब WABetaInfo ब्लॉग की तरफ से एक ऐसी तस्वीर जारी की गई है, जिससे यह साफ होता है कि वाट्सऐप में पेमेंट फीचर आ रहा है।

इसी हफ्ते रिलीज हुआ है ऐप
वाट्सऐप के जिस वर्जन में इस फीचर को देखा गया है उसे कंपनी ने इसी हफ्ते रिलीज किया है और यह अभी बीटा वर्जन में है। आपको बता दें कि बीटा वर्जन में सिर्फ कुछ चुनिंदा लोग ही उस ऐप को चला पाते हैं और उस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं। सब कुछ सही रहने पर कंपनी उस ऐप को सार्वजनिक करती है।

पेमेंट फीचर का अलग पेज
WABetaInfo ब्लॉग के अनुसार, वाट्सऐप एंड्रॉयड 2.17.285 बीटा में पेमेंट फीचर के लिए एक अलग पेज है, जो अभी तक छुपा हुआ है। WABetaInfo की तरफ से जारी तस्वीर में यह देखा जा सकता है कि वाट्सऐप से यूपीआई का इस्तेमाल करते हुए पैसों को एक बैंक से दूसरे बैंक में ट्रांसफर किया जा सकेगा। आपको बता दें कि यूपीआई के जरिए पैसें तुरंत किसी बैंक से दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाते हैं।

इसलिए लोकप्रिय है वाट्सऐप
वीचैट और हाइक मैसेंजर ने पहले ही पेमेंट सपोर्ट की सुविधा दे दी है। हालांकि, वाट्सऐप में इस सपोर्ट के आने के बाद भारत में डिजिटल पेमेंट में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है, क्योंकि मौजूदा समय में इस ऐप को 20 करोड़ से भी अधिक लोग इस्तेमाल करते हैं। आपको बता दें कि फेसबुक के मालिकाना हक वाली कंपनी वाट्सऐप पूरी तरह से मुफ्त ऐप है और इस पर कोई विज्ञापन भी नहीं आता, जिसकी वजह से यह अन्य ऐप्स के मुकाबले काफी अधिक लोकप्रिय है।












Click it and Unblock the Notifications