क्या है हिंदू ग्रोथ रेट? जिसे लेकर पूर्व RBI गवर्नर रघुराम राजन ने जताई है चिंता
रघुराम राजन के मुताबिक हिंदू ग्रोथ रेट खतरनाक रूप के करीब है। इसके पीछे उच्च ब्याज दर, निजी क्षेत्र में कम निवेश आदि हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने अर्थव्यवस्था के हालात पर फिर से चिंता जताई है। उन्होंने साफतौर पर कहा कि भारत की हिंदू ग्रोथ रेट खतरनाक रूप के करीब है। ये भारत की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी समस्या है। उन्होंने निजी क्षेत्र के कम निवेश, उच्च ब्याज दरों और वैश्विक विकास में मंदी को कारकों के रूप में जिम्मेदार ठहराया। आपको यहां ये बात साफ कर दें कि हिंदू ग्रोथ रेट अर्थव्यवस्था को लेकर एक टेक्नीकल टर्म है, जिसका धर्म से कोई लेना-देना नहीं है।
दरअसल रघुराम राजन की ये टिप्पणी राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा पिछले महीने जारी नवीनतम रिपोर्ट के बाद आई है। जिसमें राष्ट्रीय आय में लगातार मंदी दिखाई गई। रिपोर्ट में बताया गया कि दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 6.3% के मुकाबले तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में देश की जीडीपी ग्रोथ रेट घटकर 4.4% रह गई।
मामले में पूर्व आरबीआई गवर्नर ने कहा कि सरकार ने जो आंकड़े जारी किए हैं, उसमें तिमाही आधार पर जीडीपी ग्रोथ रेट में लगातार कमी आ रही। आरबीआई ने इस वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही के लिए 4.2 प्रतिशत कम होने का अनुमान लगाया है। ये आंकड़े बड़ी चिंता का विषय बने हुए हैं। मौजूदा वक्त में प्राइवेट सेक्टर निवेश के लिए तैयार नहीं है। ग्लोबल ग्रोथ रेट के भी धीमी बने रहने की आशंका है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही की औसत वार्षिक वृद्धि 3 साल पहले इसी तरह की पूर्व-महामारी तिमाही के सापेक्ष 3.7 फीसदी है। इन सब आंकड़ों को देखा जाए तो लगता है कि हम हिंदू ग्रोथ रेट के खतरनाक रूप से करीब हैं। ऐसे में सरकार को इससे निपटने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि अगर 2023-24 वाली तिमाही में हमारी जीडीपी ग्रोथ रेट 5 रही, तो ये ज्यादा सही रहेगा।
क्या है हिंदू ग्रोथ रेट?
आपको बता दें कि हिंदू ग्रोथ रेट भारतीय अर्थव्यवस्था के हिसाब से बहुत ही चिंताजनक शब्द है। इसके इस्तेमाल का मतलब है कि जीडीपी ग्रोथ रेट बहुत ही लो लेवल पर है। भारतीय अर्थशास्त्री राज कृष्ण ने 1987 में इसका इस्तेमाल पहली बार किया था। उस वक्त विकास दर 4 प्रतिशत के करीब थी। तब से लो ग्रोथ के लिए इस शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications