Tomato Price: कीमतों में लगी आग से चिंता गहराई, सरकार प्रमुख राज्यों के संपर्क में, NAFED-NCCF को मिला जिम्मा
Tomato Price बीते कई दिनों से चिंता का सबब बने हुए हैं। सब्जी बाजार में सबसे महंगा ऑप्शन बन चुका टमाटर कई राज्यों में 100 रुपये प्रति किलो की दर से भी अधिक रेट पर बिक रहा है।
टमाटर की कीमत नियंत्रण से बाहर जाता देख केंद्र सरकार ने प्रमुख उत्पादक राज्यों से टमाटर खरीदने की योजना बनाई है। सरकार ने टमाटर खरीदने के लिए अपनी एजेंसियों - NAFED और NCCF - को आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों से संपर्क करने को कहा है।

देश भर में टमाटर की कीमतों में उछाल के बीच केंद्र सरकार ने राज्यों की मंडियों से मुख्य सब्जी की तुरंत खरीद करने का निर्देश दिया है। बता दें कि प्रमुख शहरों में टमाटर की कीमत बढ़कर 150-160 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है।
खबरों के अनुसार, टमाटर की एक बार खरीद के बाद राज्यों के प्रमुख उपभोग केंद्रों में एक साथ वितरण के लिए भेजा जाएगा। जहां पिछले एक महीने में खुदरा कीमतों में अधिकतम वृद्धि दर्ज की गई है।
जुलाई-अगस्त और अक्टूबर-नवंबर की अवधि आम तौर पर टमाटर के लिए कम उत्पादन वाले महीने होते हैं। बुधवार को खाद्य मंत्रालय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया, इस सप्ताह शुक्रवार तक टमाटर का स्टॉक खुदरा दुकानों के माध्यम से "रियायती कीमतों" पर वितरित किया जाएगा।
इस फैसले से दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। लक्षित केंद्रों की पहचान पिछले एक महीने में खुदरा कीमतों में पूर्ण वृद्धि के आधार पर की गई है। मौजूदा कीमतें अखिल भारतीय औसत से ऊपर हैं।"
गौरतलब है कि भारत में टमाटर का उत्पादन लगभग सभी राज्यों में होता है। हालांकि, अलग-अलग मात्रा में उत्पादन के कारण कई राज्य दूसरे प्रदेशों से खरीदते हैं। अधिकतम उत्पादन भारत के दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों में होता है, जो कुल उत्पादन में 56-58 फीसद का योगदान देता है।
दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों में टमाटर सरप्लस होता है। उत्पादन मौसम के आधार पर अन्य बाजारों को आपूर्ति होती है। विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादन सीज़न भी अलग-अलग होते हैं। टमाटर तोड़ने का चरम मौसम दिसंबर से फरवरी तक होता है।
रोपाई और कटाई के मौसम का चक्र और क्षेत्रों की अलग-अलग टाइमिंग मुख्य रूप से टमाटर की कीमत की मौसमी स्थिति के लिए जिम्मेदार है। सामान्य मूल्य मौसमी के अलावा, सप्लाई चेन में अस्थायी व्यवधान और प्रतिकूल मौसम की स्थिति आदि के कारण प्रभावित होते हैं।
कीमतों में अचानक वृद्धि का कारण अक्सर फसल को होने वाला नुकसान है। कीमतों में लगी आग के लिए सरकार ने मानसून के मौसम को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इससे वितरण संबंधी चुनौतियां और बढ़ गईं। टमाटर को ट्रांसपोर्ट करने में भी घाटा बढ़ गया। बता दें कि टमाटर की शेल्फ लाइफ अधिकांश सब्जियों की तुलना में काफी कम होती है।
वर्तमान में, गुजरात, मध्य प्रदेश और कुछ अन्य राज्यों के बाजारों में आपूर्ति ज्यादातर महाराष्ट्र विशेषकर सतारा, नारायणगांव और नासिक से होती है। सप्लाई इस महीने के अंत तक होते रहने की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश के मदनपल्ले (चित्तूर) में भी उचित मात्रा में टमाटर की आवक जारी है। दिल्ली एनसीआर में आवक मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश से होती है और कुछ मात्रा कर्नाटक के कोलार से भी आती है। नासिक जिले से जल्द ही नई फसल की आवक होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, अगस्त में नारायणगांव और औरंगाबाद बेल्ट से भी अतिरिक्त टमाटर आपूर्ति की उम्मीद है। मध्य प्रदेश से भी आवक शुरू होने की उम्मीद है। खाद्य मंत्रालय ने कहा, "निकट भविष्य में कीमतें कम होने की उम्मीद है।"
उपभोक्ता मामलों के विभाग के तहत मूल्य निगरानी प्रभाग ने जो डेटाबेस तैयार किया है, इसके अनुसार, जून की शुरुआत में खुदरा बाजारों में इस महीने प्रति किलोग्राम टमाटर की औसत कीमत 60-100 रुपये तक बढ़ गई।
आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली में टमाटर की कीमतें जून की शुरुआत में 20 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर पिछले सप्ताह 110 रुपये हो गईं। इसी तरह, तीन प्रमुख उपभोक्ता क्षेत्रों चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता में, टमाटर के दाम बढ़कर 117 रुपये, 100 रुपये और 148 रुपये हो गए।
आंकड़ों से पता चलता है कि मुख्य सब्जी टमाटर की दरें थोक बाजारों में उनकी कीमतों में वृद्धि के अनुरूप थीं, जो जून में औसतन काफी बढ़ीं। टमाटर की बढ़ती कीमतों के साथ, विश्लेषकों को उम्मीद है कि जून में भारत की खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े, बाद में जारी होंगे। इसमें भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
बता दें कि भारत में खुदरा मुद्रास्फीति मई में घटकर 4.25 प्रतिशत पर आ गई, जो दो साल का सबसे निचला स्तर है। अप्रैल में मुद्रास्फीति 4.7 फीसदी और मार्च में 5.7 फीसदी थी। 2022 के मध्य से आरबीआई लगातार मौद्रिक नीति को सख्त कर रहा है।
भारत की मुद्रास्फीति में पर्याप्त गिरावट के लिए इस कारण को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। भारत की खुदरा मुद्रास्फीति लगातार तीन तिमाहियों तक आरबीआई के 6 प्रतिशत लक्ष्य से ऊपर थी और नवंबर 2022 में ही आरबीआई के तय दायरे में वापस आने में कामयाब रही थी।












Click it and Unblock the Notifications