पिज्जा की तरह घर पहुंचेगा डीजल-पेट्रोल, सरकार कर रही तैयारी
नई दिल्ली। सरकार ने 16 जून से रोजाना डीजल-पेट्रोल के दाम की समीक्षा शुरू कर दी है, जिसके चलते अब डीजल-पेट्रोल के दाम रोजाना बदलते हैं। अब सरकार इस तैयारी में है कि डीजल-पेट्रोल की होम डिलीवरी की जाए। इससे सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अगर रास्ते में कहीं किसी की गाड़ी का तेल खत्म होता है तो वह सिर्फ एक फोन करके ही डीजल-पेट्रोल मंगवा सकेगा। हालांकि, इस सुविधा के लिए चार्ज लिया जाएगा। इस पर अभी पेट्रोलियम मंत्रालय काम कर रहा है। इससे न केवल पेट्रोलियम सेक्टर का रेवेन्यू बढ़ेगा, बल्कि कई नौकरियां भी पैदा होंगी।

दो मॉडल पर विचार कर रही सरकार
इस योजना को शुरू करने के लिए तरह के मॉडल पर विचार किया जा रहा है। पहला मॉडल यह है कि पेट्रोल पंप डीलर्स ही होम डिलीवरी का काम करेंगे और दूसरा मॉडल यह है कि इसमें प्राइवेट सेक्टर कंपनियों को शामिल किया जाए। डिलीवरी चार्ज किलोमीटर के हिसाब से तय होगा। इसमें सबसे अहम बात यह है कि डिलीवरी चार्ज पर सबकी सहमति बन जाए।
धोखाधड़ी से भी निपटना होगा
होम डिलीवरी में लोगों के मन में धोखाधड़ी का भी डर रहता है, जिससे निपटने के लिए सरकार पुख्ता इंतजाम करने की तैयारी में है। होम डिलीवरी करने वाले के पास एक मशीन होगी, जिससे डीजल-पेट्रोल की शुद्धता और मात्रा दोनों ही चेक की जा सकेगी। इसके लिए देश के कोने-कोने में डीलर्स नियुक्त करने की योजना बनाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications