कोरोना: गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 3934 अंक गिरा, निफ्टी 1110 अंक लुढ़का
नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले दिन ही भारी गिरावट देखने को मिली है। गिरावट के साथ खुलने का बाद बाजार गिरावट के साथ ही बंद हुआ है। तेज गिरावट के साथ खुले बाजार में शुरुआती आधे घंटे के अंदर ही लोअर सर्किट लगाना पड़ा था। हालांकि 45 मिनट बाद कारोबार फिर से शुरू हो गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 3934.72 अंक गिरकर 25,981.24 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1,110.85 अंक गिरकर 7,634.60 पर बंद हुआ है।
Recommended Video
बाजार में एक महीने में दूसरी बार आज फिर 10 फीसदी का लोअर सर्किट लग गया था। इससे पहले बाजार खुला भी गिरावट के साथ ही था। जहां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 2,718.15 अंक की गिरावट के बाद 27,197.81 के स्तर पर खुला। तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 720.55 अंक की गिरावट के बाद 8,024.90 के स्तर पर खुला।
सुबह करीब 11.15 बजे का आंकड़ा देखें तो गिरावट के साथ खुलने के बाद बाजार में गिरावट जारी रही। जहां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 3,136.64 अंक यानी 10.48 फीसदी की गिरावट के साथ 26,779.32 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 893.10 अंक यानी 10.21 फीसदी की गिरावट के साथ 7,852.35 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, BPCL, ONGC, मारूति सुजूकी, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, ग्रासिम, टाइटन कंपनी, हीरो मोटोकॉर्प, रिलायंस, IOC, वेदांता, आयशर मोटर्स, टाटा मोटर्स, इंफोसिस, टाटा स्टील और टेक महिंद्रा गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर यस बैंक में मजबूती के साथ कारोबार दर्ज किया गया।
बता दें कोरोना वायरस के कारण ना केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया का कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुनियाभर में वायरस के कारण 14,654 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की संख्या 337,553 का आंकड़ा पार कर चुकी है। भारत की बात करें तो यहां भी संक्रमित मामलों की संख्या 415 हो गई है, जबकि इस महामारी से 7 लोग मौत के शिकार भी हुए हैं, फिलहाल केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी वायरस के खात्मे के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं।
पंजाब में Lockdown, प्रभावित लोगों की मदद के लिए एक दिन की सैलरी देंगे IAS अधिकारी