पेट्रोल-डीजल दोनों होने वाले हैं महंगे, करवा लीजिए गाड़ी का टैंक फुल
सीएनजी के रेट बढ़ाए जाने के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने वाली है।
नई दिल्ली। सीएनजी के रेट बढ़ाए जाने के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने वाली है। इसकी मुख्य वजह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी है।

एक सप्ताह के भीतर ही कच्चे तेल की कीमत करीब 7 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गई है। भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 5 दिसंबर को 52.42 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गई।
रुपए में भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की कीमत 5 दिसम्बर, 2016 को बढ़कर 3573.79 रुपए प्रति बैरल हो गई।
30 नवंबर को पेट्रोल 13 पैसे महंगा और डीजल 12 पैसे सस्ता हुआ था। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन आने वाले पेट्रोलियम नियोजन एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ (पीपीएसी) के आंकड़ों के मुताबिक भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कीमत 29 नवम्बर, 2016 को 45.23 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल दर्ज की गई थी। 28 नवंबर को कच्चे तेल की कीमत 45.18 डॉलर के स्तर पर थी।
आपको बताते चलें कि इससे पहले केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की घोषणा की थी। 15 नवंबर पेट्रोल की कीमत में 1.46 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 1.53 रुपए प्रति लीटर कम किए गए थे। भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 14 नवंबर, 2016 को 42.12 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल थी। इससे पहले तेल कंपनियों ने 5 नवंबर को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया था। तेल कंपनियों ने तब पेट्रोल में 89 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 86 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
वहीं 15 अक्टूबर को तेल कंपनियों ने कीमतें बढ़ाई थीं। तब पेट्रोल की कीमतों में 1.34 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी जबकि डीजल में 2.37 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications