पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग, लगातार 12वें दिन बढ़े दाम
नई दिल्ली। एक तरफ जहां पूरा देश पिछले कई महीनों से कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है और महीनों से देश की अर्थव्यवस्था ठप पड़ी थी, तो दूसरी तरफ लगातार 12वें दिन पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की गई है। आज एक बार फिर से पेट्रोल के दाम में 53 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 64 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 77.81 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं, जबकि डीजल के दाम 76.43 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। बुधवार को पेट्रोल के दाम में 55 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 69 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।

वहीं जिस तरह से कोरोना संकट में पेट्रोल और डीजल के दाम में हर रोज बढ़ोतरी की जा रही है, उसपर चिंता जाहिर करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा था और उनसे अपील की थी की पेट्रोल और डीजल के दाम ना बढ़ाएं। सोनिया गांधी ने जो पत्र लिखा है उसमे कहा है कि यह सरकार का कर्तव्य और जिम्मेदारी है कि वह लोगों के दुख को कम करे और लोगों को और अधिक कठिनाई में ना डाले।
पत्र में सोनिया गांधी ने लिखा है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत को स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था, सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। मैं इस बात को लेकर बहुत चिंतित हूं कि मार्च माह से यह समस्या बरकरार है, ऐसे में सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का असंवेदनशील फैसला लिया है, जोकि एक बार नहीं कई बार बढ़ाया गया। आपकी सरकार 260000 करोड़ रुपए का राजस्व हासिल करना चाहती है, लेकिन आपको यह गलत सुझाव दिया गया है कि पेट्रोल और डीजल की एक्साइज ड्यूटी को बढ़ाया जाए। मुझे इस बात में कोई तर्क नहीं दिखता है कि सरकार इस तरह के सुझाव पर विचार भी करे जब देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से कोरोना के चलते लड़खड़ाई हुई है। लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं, लोगों के पास खाने को नहीं है, व्यापार, उद्योग-धंधे भारी मंदी के दौर से गुजर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications