Microsoft में इस भारतीय ने 21 साल किया काम, अब कंपनी ने निकाल दिया बाहर, सोशल मीडिया पर लिखी भावुक पोस्ट
तमाम कंपनियों ने छंटनी का दौर चल रहा है। माइक्रोसॉफ्ट में 21 साल तक काम करने के बाद भारतीय कर्मचारी को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

अलग-अलग टेक और सॉफ्टवेयर कंपनियों में लगातार छंटनी का दौर चल रहा है। माइक्रोसॉफ्ट में भी कर्मचारियों की छंटनी चल रही है। पिछले 21 साल से कंपनी में काम कर रहे भारतीय कर्मचारी को भी कंपनी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। माइक्रोसॉफ्ट ने 18 जनवरी को 10000 कर्मचारियों को बाहर करने का ऐलान किया, यानि तकरीबन 5 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया गया। दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट के कर्मचारियों पर इसका असर देखने को मिला है। प्रशांत कमानी ने अपने करियर की शुरुआत माइक्रोसॉफ्ट के साथ की थी, उन्होंने पिछले 21 साल में कंपनी के भीतर अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाई।
कमानी ने अपनी अपनी बैचलर की डिग्री दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से केमिस्ट्री विषय से की थी। उन्होंने इसके बाद पुणे के सावित्रीबाई फुले यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में पीजी की डिग्री हासिल की। कॉलेज से उन्हें जो पहली नौकरी मिली वह माइक्रोसॉफ्ट की ही थी, बाद में उन्हें अमेरिका जाने का मौका मिला। माइक्रोसॉफ्ट में तकरीबन दो दशक तक काम करने के अलावा कुछ समय के लिए कमानी ने अमेजन के लिए भी काम किया था। 1999 में उन्होंने सॉफ्टवेयर डिजाइन इंजीनियर के तौर पर काम किया, उस वक्त वह माइक्रोसॉफ्ट के टीम लीड बने और बाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बने। माइक्रोसॉफ्ट में वापस आने से पहले दो साल उन्होंने अमेजन के लिए काम किया।
कमानी ने लिंकडिन पर पोस्ट शेयर करके लिखा, आज मुझे कहा गया कि माइक्रोसॉफ्ट की पोजिशन से मुझे बाहर किया जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट मेरी पहली नौकरी थी जो मुझे कॉलेज में मिली थी, मुझे अभी भी याद है कि मैं विदेश आया काफी डरा और सहमा था। सोचता था जिंदगी ने मेरे लिए क्या तय किया है। 21 साल माइक्रोसॉफ्ट में काम करने के बाद मैं यह कहना चाहता हूं कि यह बहुत ही जबरदस्त और संतोषजनक रही है। माइक्रोसॉफ्ट को कमानी ने शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कंपनी ने मुझे पैसा और अनुभव दोनों दिया, जिसके लिए मैं उनका हमेशा आभारी रहूंगा।
अपनी पोस्ट में कमानी ने लिखा कि अगर आप ऐसे लोगों को जानते हैं जिन्हें सॉफ्टवेयर मैनेजमेंट के लिए व्यक्ति चाहिए तो मुझे जरूर संपर्क करें। गौर करने वाली बात है कि कई और कर्मचारियों ने लिंकडिन पर नौकरी के लिए पोस्ट शेयर की है। सोशल मीडिया पर लोगों ने अपील करके लोगों से मदद करने को कहा है। माइक्रोसॉफ्ट ने एक इमेल के जरिए अपने कर्मचारियों को इस बात की सूचना दी है कि हम कुछ पदों पर लोगों की छंटनी कर रहे हैं लेकिन अहम रणनीतिक पोजीशन पर नई भर्ती भी करते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications