GST Collection: जीएसटी कलेक्शन को लेकर गुड न्यूज, अगस्त में 1.74 लाख करोड़ रुपए जमा
सितंबर महीने की पहली तारीख रविवार यानी आज केंद्र सरकार के लिए गुड न्यूज आई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक अगस्त महीने में जीएसटी टैक्स कलेक्शन 1.74 लाख करोड़ रुपए रहा। दरअसल, पिछले महीने जीएसटी कलेक्शन में 10 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की। इससे पहले पिछले वर्ष इस अवधि यानी अगस्त 2023 का जीएसटी कलेक्शन 1.59 लाख करोड़ रुपए था। जबकि कुल जीएसटी संग्रह की बात करें तो 2024 में अब तक, कुल जीएसटी संग्रह 10.1 प्रतिशत अधिक 9.13 लाख करोड़ रुपये रहा है, जबकि वर्ष 2023 में इस अवधि में 8.29 लाख करोड़ रुपए जमा किए गए थे।
वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान कुल सकल जीएसटी संग्रह 20.18 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 11.7 प्रतिशत की वृद्धि है। मार्च 2024 में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के लिए औसत मासिक संग्रह 1.68 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष के औसत 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।

अप्रैल में, कुल जीएसटी संग्रहण बढ़कर 2.10 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। जुलाई में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह 1.82 लाख करोड़ रुपये रहा। मई और जून में संग्रह क्रमशः 1.73 लाख करोड़ रुपये और 1.74 लाख करोड़ रुपये था।
अगस्त में 10 प्रतिशत की वृद्धि
अगस्त में जीएसटी संग्रह 10 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ 1.74 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। इसको लेकर रविवार को केंद्र ने आंकड़े जारी किए। पिछले कुछ दिनों की बात करें तो तुलनात्मक रूप भारत में बड़े आर्थिक सुधारों के साथ टैक्स कलेक्शन तेजी से बढ़ा है। वहीं वित्त मंत्रालय के एक अध्ययन से पता चला है कि जीएसटी के बाद उपभोक्ताओं ने कुल मिलाकर अपने घरेलू मासिक खर्च का कम से कम चार प्रतिशत बचाया है। इस प्रकार, उपभोक्ता अब अनाज, खाद्य तेल, चीनी, मिठाई और स्नैक्स जैसी दैनिक उपभोग की वस्तुओं पर कम खर्च करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications