Fuel Rates: पेट्रोल के दामों ने किया शतक पार, बोले पेट्रोलियम मंत्री-'अभी नहीं घटा सकते रेट'
नई दिल्ली, 7 जून। देश में इस वक्त पेट्रोल-डीजल के दामों में आग लगी हुई है। कई शहरों में पेट्रोल के दाम 100 रु का आंकड़ा पार कर गए हैं। विपक्ष इस बात को लेकर मोदी सरकार पर लगातार हमला बोल रहा है तो वहीं पेट्रोल के बढ़ते दामों पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बड़ा बयान दिया है। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस वक्त सरकार की आमदनी काफी कम हो गई है, जिसकी वजह से खर्च बढ़ गया है।
Recommended Video

वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान आमदनी कम रही है और इसके 2021-22 में भी कम रहने के ही आसार हैं। ऐसे में इस वक्त डीजल-पेट्रोल के दाम कम नहीं हो सकते हैं क्योंकि सरकार पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने दोहराया कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई तेजी है। इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल का भाव 70 डॉलर प्रति बैरल चल रहा है, इसलिए पेट्रोल-डीजल के दामों में इजाफा हो रहा है। फिलहाल तेल के दामों में कमी अभी नहीं आएगी।

बता दें कि कोरोना महामारी से जूझ रहे आम आदमी को सोमवार को करारा झटका लगा है। रविवार के बाद सोमवार को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। आज पेट्रोल के दामों में 24-28 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दामों में 26-28 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। जबकि संडे को पूरे देश में पेट्रोल के दाम में 26-27 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 29-31 पैसे प्रति लीटर तक इजाफा हुआ था।

आपको बता दें कि इंटरनेशनल मार्केट में भी कच्चे तेल के दाम में करीब 25-30 फीसदी तक बढ़ावा हुआ है। आज दिल्ली में पेट्रोल का रेट 28 पैसे प्रति लीटर बढ़ा है तो वहीं डीजल का रेट 27 पैसे प्रति लीटर बढ़ा है। गौरतलब है कि 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद से 21वीं बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, जिसमें 16 बार अकेले मई महीने में बढ़े हैं। लगातार बढ़ रहे दामों के कारण पेट्रोल अब तक 4.71 रुपये और डीजल 5.17 रुपये महंगा हो चुका है। इंडिया में आज सबसे ज्यादा महंगा पेट्रोल राजस्थान के श्रीगंगानगर में मिल रहा है, जहां प्रति लीटर पेट्रोल का दाम 105 रुपये हो गया है। बता दें कि 135 जिलों में पेट्रोल के दाम 100 रुपये के पार हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications