इस बार प्लेसमेंट के लिए IIT और IIM नहीं जाएगा फ्लिपकार्ट
कंपनी ने करीब 250 छात्रों की ज्वाइनिंग डेट को आगे बढ़ाया था, जिन्हें इस बार कंपनी में शामिल किया जाएगा।
मुंबई। फ्लिपकार्ट ने ऐलान किया है कि 2017 में वह आईआईएम और आईआईटी कैंपस में नहीं जाएगा। कंपनी के एक उच्च अधिकारी ने कहा है कि इस बार उस छात्रों पर ही फोकस किया जाएगा, जिन्हें पहले ही कंपनी हायर कर चुकी है।

आपको बता दें कि फ्लिपकार्ट ने पहले भी कुछ छात्रों को रिक्रूट किया था, लेकिन बाद में उनकी कंपनी से जुड़ने की ज्वाइनिंग डेट को बढ़ा दिया था। इसके लिए फ्लिपकार्ट की काफी आलोचना भी हुई थी।
फ्लिपकार्ट के चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर नितिन सेठ का कहना है कि इस बार वह छात्रों को हायर करने के लिए कैंपस नहीं जाएंगे। वे बोले कि हमारे पास आईआईटी के 175 छात्र इंटर्नशिप कर रहे हैं जो 2017 में ग्रेजुएट हो जाएंगे और हम इन्ही में से कुछ को हायर करेंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी ने करीब 250 छात्रों की ज्वाइनिंग डेट को पोस्टपोन किया था, जिन्हें कि आईआईटी और आईआईएम से हायर किया गया था। ये सभी छात्र दिसंबर मध्य से कंपनी में शामिल किए जाने हैं। नितिन के अनुसार इस तरह से 2017 की जरूरत इन 250 छात्रों और इंटर्नशिप करने वाले छात्रों से ही पूरी हो जाएगी।
आपको बता दें कि पिछले दो सालों से फ्लिपकार्ट लगातार आईआईएम और आईआईटी से 200-250 छात्रों को हायर कर रहा है। आईआईटी में 1 दिसंबर से प्लेसमेंट शुरू होने वाला है, जबकि आईआईएम में अगले साल की शुरुआत में प्लेसमेंट शुरू होगा। हालांकि, इस बार फ्लिपकार्ट प्लेसमेंट में नहीं जाएगा।
पिछले तीन सालों से अधिकतर अच्छे इंजीनियर्स के लिए फ्लिपकार्ट अच्छी पसंद में से एक है। यहां तक कि दो साल पहले फ्लिपकार्ट में नौकरी करने के लिए छात्रों ने लाइन लगाकर इंटरव्यू दिए थे।
फ्लिपकार्ट के अलावा भी कुछ स्टार्टअप ने आईआईएम और आईआईटी के कैंपस प्लेसमेंट में इस बार जाने से इनकार किया है। इसका एक कारण यह भी है कि कंपनियों में उच्च लेवल पर यह निर्णय लिया गया है कि कंपनी में अच्छा टैलेंट अभी मौजूद है और इस साल हायरिंग करने की भी जरूरत नहीं है, क्योंकि पिछले साल के वे छात्र भी इस बार कंपनी में शामिल हो रहे हैं जिनकी ज्वाइनिंग डेट को टाला गया था।












Click it and Unblock the Notifications