वर्ल्ड बैंक ने की भारत और पीएम मोदी की तारीफ, कहा- ऐसी लीडरशिप आने वाले सालों में भारत को और तरक्की दिलाएगी
नई दिल्ली। जहां एक ओर देश की अर्थव्यवस्था में तगड़ी गिरावट आई है और जीडीपी गिर गई है, वहीं दूसरी ओर वर्ल्ड बैंक ने भारत और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है। दक्षिण एशिया के लिए वर्ल्ड बैंक की वॉइस प्रेसिडेंट एन्नेट डिक्सन ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रिपोर्ट का हवाला देते हुए भारत की तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि इस साल भारत दुनिया भर के टॉप-10 उन देशों में से है, जिन्होंने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में खुद की रैंकिंग को बढ़ाया है। उनके अनुसार भारत ने अपनी रैंकिंग को दुनिया भर के अन्य देशों को मुकाबले 30 स्थान ऊपर कर लिया।

जहां अर्थव्यवस्था की गिरावट के लिए मोदी सरकार के नोटबंदी और जीएसटी लागू करने जैसे फैसलों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, वहीं वर्ल्ड बैंक को पीएम मोदी की लीडरशिप काफी पसंद आ रही है। वर्ल्ड बैंक की वॉइस प्रेसिडेंट ने कहा है कि अगर भविष्य में भी ऐसी ही लीडरशिप और को-ऑर्डिनेशन देखने को मिला तो हमें उम्मीद है कि भारत आने वाले सालों में भी अच्छी तरक्की करेगा।
100वें नंबर पर है भारत
वर्ल्ड बैंक ने मंगलवार की शाम ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर रिपोर्ट (बिजनेस में सुविधा देने वाले देशों की वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट) जारी की। रिपोर्ट को लेकर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि इस लिस्ट में भारत अब 130 से 100वें नंबर पर आ गया है। भारत में बिजनेस करना अब आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत बिजली कनेक्शन देने को लेकर 29वें स्थान पर पहुंच गया है। भारत अब सुविधा की हर कसौटी पर खरा उतरने में लगा है। जेटली ने कहा कि टैक्स को लेकर किए गए सुधारों में सबसे ज्यादा फायदा हुआ।












Click it and Unblock the Notifications