New credit card rules: RBI ने क्रेडिट कार्ड के नियमों में किया बदलाव, ग्राहकों को होगा बड़ा फायदा
New credit card rules: भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने क्रेडिट कार्ड को लेकर नए नियम जारी किए हैं। क्रेडिट कार्ड के यूजर कार्ड लेते समय अपनी पसंद से कार्ड नेटवर्क चुन सकेंगे। आरबीआई की ओर से यह निर्देश एक समीक्षा बैठक के बाद लिए गए हैं।
आरबीआई ने बैंकों सहित कार्ड जारीकर्ताओं को कार्ड नेटवर्क के साथ विशेष अनुबंध पर हस्ताक्षर करने से निर्देशित किया है जो उन्हें अन्य नेटवर्क का उपयोग करने से रोकता है।

आरबीआई ने कहा कि, अधिकृत कार्ड नेटवर्क क्रेडिट कार्ड जारी करने के लिए बैंकों/गैर-बैंकों के साथ गठजोड़ करते हैं। किसी ग्राहक को जारी किए गए कार्ड के लिए नेटवर्क का चुनाव कार्ड जारीकर्ता (बैंक/गैर-बैंक) द्वारा तय किया जाता है और यह उन व्यवस्थाओं से जुड़ा होता है जो कार्ड जारीकर्ता अपने द्विपक्षीय समझौतों के संदर्भ में कार्ड नेटवर्क के साथ करते हैं।
आरबीआई के निर्देशों के अनुसार कार्ड जारीकर्ता कार्ड नेटवर्क के साथ ऐसी किसी व्यवस्था या करार में शामिल नहीं होंगे जो उन्हें अन्य कार्ड नेटवर्कों की सेवाओं का लाभ उठाने से रोकता हो। कार्ड जारीकर्ता अपने पात्र ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड जारी करते समय कई कार्ड नेटवर्क चुनने का विकल्प प्रदान करेंगे।
रिजर्व बैंक ने साफ किया है कि मौजूदा कार्डधारकों के लिए, यह विकल्प अगले नवीनीकरण के समय प्रदान किया जा सकता है। आरबीआई ने कहा कि कार्ड जारीकर्ता और बैंक या संस्थान के बीच के अनुबंध ग्राहकों के विकल्प को सीमित कर रहे हैं। आरबीआई के निर्देश में अधिकृत कार्ड नेटवर्क के रूप में अमेरिकन एक्सप्रेस बैंकिंग कॉर्प, डाइनर्स क्लब इंटरनेशनल लिमिटेड, मास्टरकार्ड एशिया, मैसर्स नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया-रुपे और वीजा वर्ल्डवाइड प्राइवेट लिमिटेड को परिभाषित किया गया है।
नया क्रेडिट कार्ड नियम: यह कब से लागू है?
आरबीआई ने कहा कि जारी करते समय ग्राहकों की पसंद के बारे में निर्देश इसके जारी होने के छह महीने में भीतर प्रभावी होंगे। जो 6 सितंबर, 2024 होगी।
किन कार्ड पर ये नियम लागू नहीं होगा?
ये नियम उन लोगों पर लागू नहीं होंगे, जिनके द्वारा जारी सक्रिय कार्डों की संख्या 10 लाख या उससे कम है। इसके अलावा कार्ड जारीकर्ता जो अपने स्वयं के अधिकृत कार्ड नेटवर्क पर क्रेडिट कार्ड जारी करते हैं, उन्हें इससे बाहर रखा गया है। आरबीआई ने यह भी कहा, "कार्ड जारीकर्ता और कार्ड नेटवर्क उपरोक्त आवश्यकताओं का पालन सुनिश्चित करेंगे।
कार्ड नेटवर्क क्या है
एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट के अनुसार, एक कार्ड नेटवर्क आपके बैंक, व्यापारियों और आपको लेनदेन को सुरक्षित, सुचारू और कुशल तरीके से संभव बनाने के लिए जोड़ता है। जब आप अपने कार्ड को भुगतान के लिए स्वाइप या टैप करते हैं तो कार्ड नेटवर्क बैकग्राउंड में चुपचाप काम करते हैं। ।
भारत में कार्ड नेटवर्क
एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट के अनुसार, वर्तमान में भारत में पांच अधिकृत कार्ड नेटवर्क हैं- रुपे, वीज़ा, मास्टरकार्ड, अमेरिकन एक्सप्रेस और डायनर्स क्लब।












Click it and Unblock the Notifications