Budget 2024: सरकार ने कहा-संतुलित, विपक्ष ने बताया निराशाजनक, शेयर बाजार का क्या हाल है?
Share Market Budget 2024, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट पेश किया। जैसी उम्मीद लगाई जा रही थी कि, बजट में मोदी सरकार कुछ बड़े ऐलान कर सकती है। लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला। इसका असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। बाजार सीधी रेखा पर कारोबार कर रहा है।
बता दें कि, हर साल की तरह आम मध्यम वर्ग की नजर टैक्स स्लैब पर थी। हालांकि, सीतारमण ने उन्हें निराश किया। उन्होंने टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया। बजट को लेकर जहां सरकार का कहना है कि, ये बजट संतुलित रहा है। वहीं विपक्ष ने इसे एक निराशाजनक बजट बताया है।

बजट पर क्या बोला सत्ता पक्ष-
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, वित्त मंत्री ने बहुत ही उत्साहवर्धक अंतरिम बजट पेश किया...2047 का जो रोडमैप है, उसे हम हासिल करेंगे। हमें पूरा विश्वास है। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अंतरिम बजट पर कहा, "यह एक ऐतिहासिक बजट है जो पूर्ण रूप से परिलक्षित करता है कि PM मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित, आत्मनिर्भर, विश्व गुरु बनने के लक्ष्य के प्रति गति के साथ आगे बढ़ चुका है।
अंतरिम बजट को लेकर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके लिए प्रयास के साथ आने वाले दिनों में जब हम विकसित भारत की ओर बढ़ रहे हैं ऐसे में यह बजट उसके लिए एक प्रारंभिक प्रयास है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री, डॉ भारती प्रवीण पवार ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देती हूं कि आज के बजट में सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण को शामिल किया गया...आशा बहनों, आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर्स को भी आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया है। मेडिकल कॉलेज की संख्या बढ़ाने की बात भी इस बजट में की गई है।
बजट क्या कहा विपक्ष ने?
वहीं विपक्षी दलों की ओर से भी इस बजट को लेकर रिएक्शन आए हैं। शिरोमणी अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा, "मुझे इस बजट में एक अहंकार नजर आ रहा था कि 'हम जुलाई में बजट पेश करेंगे। आप किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं ले सकते हैं। आज आपके पास मौका था कि पिछले 10 सालों में किए गए वादों को पूरा करें न कि जनता को और सपने दिखाएं।
वहीं समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि, कोई भी बजट अगर विकास के लिए नहीं है और कोई भी विकास अगर जनता के लिए नहीं है तो वो व्यर्थ है। भाजपा सरकार ने जनविरोधी बजटों का एक दशक पूरा करके एक शर्मनाक रिकार्ड बनाया है, जो फिर कभी नहीं टूटेगा क्योंकि अब सकारात्मक सरकार आने का समय हो गया है। ये भाजपा का 'विदाई बजट' है।
बजट के बाद शेयर बाजार का हाल:
वहीं अगर शेयर बाजार की बात करें तो निर्मला सीतारमण द्वारा 2024 के चुनावों से पहले अपनी सरकार का अंतिम बजट पेश करने के बाद भारतीय बेंचमार्क सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी50 में मामूली कटौती देखने को मिली।
बजट के बाद सेंसेक्स 0.49 अंक की बढ़त के साथ 71,783.74 पर कारोबार करता नजर आया। जबकि निफ्टी-50 17.10 या 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,751.60 पर कारोबार कर रही थी।












Click it and Unblock the Notifications