खुला छोड़ा कैश वैन का दरवाजा, पैसे ले भागे चोर, जानिए कैसे हुई ये पूरी वारदात
दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में कुछ शातिर बदमाशों ने एक एटीएम में कैश डालने आई वैन से करीब 26 लाख रुपए चुरा लिए। यह वारदात राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार इलाके में हुई है।
नई दिल्ली। यूं तो देश में रोजाना ही बहुत सी वारदातें होती रहती हैं, लेकिन कई ऐसी घटनाएं भी होती हैं, जिसे अंजाम देने के लिए अपराधियों ने एक खास तरीका इजात किया होता है। कुछ ऐसा ही हुआ है दिल्ली के राजेंद्र नगर में भी। आइए जानते हैं क्या हुआ है यहां।

26 लाख रुपए चोरी
दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में कुछ शातिर बदमाशों ने एक एटीएम में कैश डालने आई वैन से करीब 26 लाख रुपए चुरा लिए। यह वारदात राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार इलाके में हुई है। आपको बता दें कि जिस समय यह वारदात हुई, उस समय आम लोगों की आवाजाही भी हो रही थी। यह घटना शनिवार दोपहर को करीब 3.30 बजे हुई, जिसके बाद करीब 4 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

कैसे हुई ये चोरी?
इस चोरी के पीछे कैश वैन के स्टाफ की लापरवाही सबसे बड़ी वजह है। दरअसल, कैश वैन के स्टाफ ने वैन का दरवाजा खुला छोड़ दिया था। शातिर बदमाश ताक लगाए हुए थे कि कैसे उन्हें मौका मिले और वे पैसे चुरा लें। इसी बीच एक ऐसा मौका उन्हें मिल ही गया, जब न तो कैश वैन का स्टाफ वैन के पास था, न ही वैन का ड्राइवर गाड़ी में था। मौके का फायदा उठाकर शातिर बदमाश कैश से भरा एक पूरा बक्शा ही उठाकर ले भागे, जिसमें करीब 26 लाख रुपए थे। ये भी पढ़ें- जियो की मुफ्त सेवाओं से देश के सभी लोगों को होगा ये नुकसान!

वैन के साथ थे चार कर्मचारी
जिस समय यह घटना घटी, उस समय वैन के साथ चार कर्मचारी थे। इनमें से दो कर्मचारी मोहम्मद नदीम और जितेंद्र सिंह (कस्टोरियन) रुपयों से भरा बॉक्स लेकर एटीएम में डालने गए। गनमैन गौरव सिंह भी उनके साथ गया। गाड़ी में ड्राइवर संजय श्रीवास्तव था, लेकिन कुछ देर बाद ड्राइवर भी गाड़ी से उतर कर कुछ दूर चला गया। दरवाजा खुला होने के चलते बदमाशों ने इस मौके को सही पाया और चुपचाप बॉक्स ले उड़े।

प्लान बनाकर की वारदात
पुलिस को शक है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए शातिर बदमाशों के साथ स्टाफ का कोई सदस्य भी मिला हुआ था। ऐसा शक इसलिए भी जताया जा रहा है क्योंकि कैश वैन में सुरक्षा उपकर लगे होते हैं, जिसके बावजूद चोरी हो गई। वहीं दूसरी ओर, जिस समय चोरी हुई उस समय कैश वैन के आसपास स्टाफ का कोई सदस्य नहीं था और दरवाजा भी खुला हुआ था। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।












Click it and Unblock the Notifications