एयर एशिया की फ्लाइट से सिर्फ 990 रुपए में बेंगलूर से गोवा

शुक्रवार को कंपनी की ओर से इस बात का ऐलान कर दिया गया है कि 12 जून को इसका पहली फ्लाइट बेंगलूर और गोवा के बीच ऑपरेट की जाएगी जिसके लिए टिकट की कीमत 990 रुपए रखी गई है।
कंपनी के सीईओ टोनी फर्नाडीस ने इस बारे में जानकारी दी। भारत में इसका संचालन एयर एशिया इंडिया के नाम के साथ होगा। भारत में एयर एशिया टाटा और टेलीस्ट्रा ट्रेडप्लेस के साथ संयुक्त उपक्रम के तौर पर कार्य करेगी। कंपनी को नौ माह के लंबे इंतजार के बाद डीजीसीए की ओर से इस माह ही फ्लाइंग लाइसेंस दिया गया है।
फर्नाडीस ने गुरुवार को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी कि 12 जून को टेक ऑफ करने वाली बेंगलूर से गोवा तक की इस फ्लाइट के लिए टिकटों की बिक्री शुक्रवार से ही शुरू हो जाएगा।
एयर एशिया के मैदान में उतरने के साथ ही भारत में लो कॉस्ट प्राइवेट एविएशन कंपनियों जैसे इंडिगो, स्पाइस जेट और गो एयर के बीच तो प्रतिस्पर्द्धा बढ़ने की उम्मीद है ही, लेकिन साथ ही साथ फुल सर्विस एयरलाइन जैसे जेट एयरवेज और एयर इंडिया के बीच कम दाम के टिकटों को लेकर प्रतिस्पर्द्धा बढ़ सकती है।
एयर एशिया काफी समय से देश में उड़ान सेवा शुरू करने के दिशा में काम कर रही है। कंपनी की ओर से बतौर सीईओ मीतू चांडिल्या की नियुक्ति के साथ ही उसने कंपनी के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति भी शुरू कर दी थी।
एयर एशिया के मुताबिक कंपनी की ओर से जो टिकट दिए जाएंगे उसकी कीमतें वर्तमान बाजार में मौजूद कीमतों से 35 प्रतिशत कम होंगी।












Click it and Unblock the Notifications