करोड़पतियों की लिस्ट में भारत 11वें तो अमेरिका पहले नंबर पर
न्यूयॉर्क। केपजेमिनी और आरसीबी वेल्थ मैनेजमेंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में इस समय 1.98 लाख करोड़पति हैं। इतनी संख्या के साथ भारत वर्ल्ड वेल्थ रिपोर्ट में 11वें नंबर पर है। जबकि लिस्ट में अमेरिका पहले तो जापान दूसरे नंबर पर बरकरार है।

रिपोर्ट के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी और बीते वर्ष आए सकारात्मक चुनावी नतीजों ने करोड़पतियों की संख्या में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि की है। ‘हाई नेट वर्थ इंडीविजुअल पोपुलेशन' में 26.3 फीसदी और संपत्ति में 28.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2014 में देश में 1,98,000 करोड़पति थे जबकि वर्ष 2013 में इनकी संख्या 1,56,000 थी।
रिपोर्ट की मानें तो लोकप्रिय सुधारवादी छवि वाले पीएम की जीत ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है और इस कारण शेयर बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया। एमएससीआई इंडेक्स में 21.9 फीसदी की बढ़ोतरी आई।
दूसरी तरफ कम तेल की कीमतों ने बजट घाटे को कम किया और खुदरा महंगाई दर में भारी गिरावट आई। इन सभी सकारात्मक कारकों की वजह से भारत एशिया प्रशांत क्षेत्र में करोड़पतियों की संख्या के मामले में ऑस्ट्रेलिया को हटाकर तीसरे स्थान पर आ गया।
इस मामले में वैश्विक स्तर पर अमेरिका सबसे ऊपर है। वहां 43,51,000 करोड़पति हैं। जापान में 24,52,000, जर्मनी में 11,41,000 और चीन में 8,90,000 करोड़पति हैं। इन चारों के पास दुनिया के 60.3 फीसदी करोड़पति हैं।












Click it and Unblock the Notifications